जालंधर, ENS: बीते 24 घंटे पहले जिले के शेखेवाल गांव में हुई हत्या की गुत्थी को जालंधर ग्रामीण पुलिस ने सुलझाने में सफलता हासिल की है। शाहकोट पुलिस ने हत्या के मामले में शामिल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी देते देते हुए जालंधर ग्रामीण के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरकमलप्रीत सिंह खख ने बताया कि पंजाब सरकार और डीजीपी पंजाब गौरव यादव आईपीएस के निर्देशों के बाद जघन्य अपराधों में शामिल अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
हाल ही में एसपी जांच जसरूप कौर बाठ और डीएसपी शाहकोट ओंकार सिंह बराड़ की देखरेख में यह कार्रवाई की गई। शाहकोट के एसएचओ इंस्पेक्टर बलविंदर सिंह भुल्लर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया है। घटना 18 फरवरी की रात की है, जब शाहकोट पुलिस स्टेशन को शेखेवाल गांव में एक हत्या की सूचना मिली थी।
मौके पर पहुंचकर पुलिस ने मृतक इंद्रजीत सिंह की पत्नी कुलजीत कौर का बयान दर्ज किया। उसने बताया था कि रात करीब साढ़े 8 बजे उसका पति घर का गेट बंद करने के लिए बाहर निकला था, तभी गुरसेवक सिंह उर्फ सोहल पुत्र परमजीत सिंह ने चारा काटने वाली मशीन से उस पर हमला कर दिया। आरोपी ने लगातार वार किए, जिससे इंद्रजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। जब परिवार के सदस्य उसकी मदद के लिए दौड़े, तो आरोपी मौके से भाग गया। पीड़ित ने घटना के कुछ देर बाद ही दम तोड़ दिया था।
गहन जांच के बाद आरोपी गुरसेवक सिंह उर्फ सोहल (23) निवासी शेखेवाल को 19 फरवरी, की शाम को गिरफ्तार कर लिया गया और पुलिस स्टेशन शाहकोट में उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 103 के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा और मामले की आगे की जांच के लिए उनका रिमांड लिया जाएगा। एसएसपी खख ने कहा, अपराध से जुड़ी पूरी जानकारी का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।