पैलेस के मैनेजर सहित 6 पर मामला दर्ज
पठानकोटः शादी समारोह में डीजे बंद करवाने गई पुलिस टीम पर हमला होने की घटना सामने आई है। दरअसल, प्रशासन द्वारा शादियों में रात 10 बजे तक डीजे बजाने के आदेश जारी किए हैं ताकि लोगों को परेशानी का सामना ना करना पड़े। लेकिन आदेशों की उल्लघंना होने पर जब पुलिस की टीम डीजे बंद करवाने गई तो उन पर ही समारोह में मौजूद लोगों द्वारा हमला कर दिया गया।
घटना एरिना गुलशन पैलेस की है, जहां रात करीब 2 बजे पुलिस को 112 पर डीजे चलाए जाने की शिकायत मिली थी। बताया जा रहा है कि एरिना गुलशन पैलेस में तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था, जब पुलिस ने मौके पर पहुंचकर डीजे को बंद करवाने की कोशिश की तो लोगों ने पुलिस पर हमला कर दिया। समारोह में मौजूद लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट भी की गई। इस घटना को लेकर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
दूसरी ओर घटना को लेकर जब पुलिस अधिकारियों से बात की गई तो उन्होंने कहा कि देर रात उनकी टीम को 112 पर शिकायत मिली थी कि रात के 2 बज गए हैं , लेकिन एरिना गुलशन पैलेस में अभी भी तेज आवाज में डीजे चलाया जा रहा है। अधिकारी ने कहा कि जब उनकी टीम डीजे बंद करवाने गई तो समारोह में मौजूद लोगों द्वारा पुलिस के साथ साथ मारपीट की गई। जिसके चलते हमने पैलेस के मैनेजर समेत 6 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है जिनकी तलाश में टीमें छापेमारी कर रही हैं।