नई दिल्लीः ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर ने चैंपियंस ट्रॉफी से पहले बड़ा ऐलान किया है। मिली जानकारी के अनुसार ऑलराउंडर मार्कस स्टोइनिस ने वनडे क्रिकेट से संन्यास ले लिया। चैंपियंस ट्रॉफी शुरू होने महज कुछ ही दिन रह गए है, ऐसे में इससे पहले मार्कस स्टोइनिस ने संन्यास लेकर सबको चौंका दिया। स्टोइनिस चैंपियंस ट्रॉफी में ऑस्ट्रेलिया टीम का हिस्सा थे और उनके कंधे पर बड़ा दरोमदार था। ऑस्ट्रेलिया को अब चैंपियंस ट्रॉफी टीम में स्टोइनिस का विकल्प तलाशना होगा।
ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस भी चोट के चलते इस टूर्नामेंट से बाहर होते दिख रहे हैं। ऑलराउंडर मिचेल मार्श पहले ही कमर में चोट के चलते बाहर हो चुके हैं और जोश हेजलवुड की वापसी पर भी अभी तस्वीर साफ नहीं हैं, जो बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के दौरान चोटिल हो गए थे। स्टोइनिस इन दिनों साउथ अफ्रीका में खेली जा रही SA-20 लीग में डरबन सुपर जायंट्स का हिस्सा हैं, यहां उन्हें बॉलिंग के दौरान हल्की सी हैम्स्ट्रिंग इंजरी भी हुई थी।
स्टोइनिस ऑस्ट्रेलिया के लिए सिर्फ वनडे और टी20 फॉर्मेट में ही खेलते आए हैं और उन्होंने इस संन्यास की घोषणा के दौरान कहा कि अब वह अपना फोकस सिर्फ और सिर्फ टी20 क्रिकेट पर ही लगाना चाहते हैं। वह क्रिकेट के इस सबसे छोटे फॉर्मेट में ऑस्ट्रेलिया के लिए भी खेलने को तैयार हैं। अपने संन्यास का ऐलान करते हुए इस ऑलराउंडर ने कहा क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के हवाले से कहा, ‘ऑस्ट्रेलिया के लिए वनडे क्रिकेट खेलना एक अविश्वसनीय यात्रा रही है, और मैं हरे और सुनहरे रंग के मैदान में बिताए हर पल के लिए आभारी हूं।’
उन्होंने लिखा, ‘अपने देश का सर्वोच्च स्तर पर प्रतिनिधित्व करना कुछ ऐसा है जिसे मैं हमेशा संजो कर रखूंगा। यह आसान निर्णय नहीं था, लेकिन मेरा मानना है कि मेरे लिए वनडे से दूर रहने और अपने करियर के अगले अध्याय पर पूरी तरह से ध्यान केंद्रित करने का यह सही समय है।’ उन्होंने कंगारू टीम के कोच की तारीफ करते हुए लिखा, ‘रॉन (ऑस्ट्रेलिया पुरुष टीम के कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड) के साथ मेरे शानदार संबंध हैं और मैं उनके समर्थन की बहुत सराहना करता हूं।’ मैं पाकिस्तान में खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करूंगा।’