जालंधर, ENS: गणतंत्र दिवस को लेकर पुलिस द्वारा शहर में नाकेबंदी करके सख्ती से चैकिंग की जा रही है। वहीं थानों का अचानक चैकिंग करने के लिए आज डीजीपी लॉ एंड आर्डर के अर्पित शुक्ला पहुंचे। इस दौरान उन्होंने थाना रामामंडी का जायजा लिया। अर्पित शुक्ला के साथ पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
बताया जा रहा हैकि पिछले कुछ दिनों से लगातार थानों में हो रहे ग्रेनेड हमले को लेकर सुरक्षा प्रबंधो का जायजा लेने के लिए डीजीपी लॉ एंड आर्डर के अर्पित शुक्ला रामामंडी थाने पहुंचे है। इस दौरान उन्होंने थाने का जायजा लिया और अधिकारियों से बातचीत की। अर्पित शुक्ला ने थाने में तैनात अधिकारियों को आदेश दिए है कि किसी भी अप्रिय घटना घटने पर गेट पर तैनात संत्री हूटर बजाएगा। वहीं हूटर बजने के बाद पूरी फोर्स तुरंत बाहर आ जाएगी।
वहीं मीडिया से बात करते हुए अर्पित शुक्ला ने कहा कि गणतंत्र दिवस को लेकर पंजाब भर में अलर्ट जारी किया गया है। वहीं गैंगस्टर, नशा तस्करों सहित अन्य अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को लेकर आज बैठक की गई। जिसके बाद अब लुधियाना में जाकर अधिकारियों के साथ अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने को लेकर समीक्षा की जाएगी।
डीजीपी लॉ एंड आर्डर के अर्पित शुक्ला ने कहा कि गणतंत्र दिवस को लेकर अतिरिक्त सुरक्षा फोर्स को तैनात किया गया है, वहीं जगह-जगह पर नाकेबंदी की जा रही है। इस दौरान प्रत्येक संदिग्ध व्यक्ति के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। पंजाब वासियों को अर्पित शुक्ला ने कहा कि अगर उन्हें कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखाई देता है वह उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।