नई दिल्लीः संभल के लिए निकले कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और उनके काफिले को गाजीपुर फ्लाईओवर पर पुलिस द्वारा रोक लिया गया। जिसके बाद वहां पर जमकर ड्रामा हुआ। इस घटना के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं की झड़प पुलिस से हुई और वे आगे जाने की जिद पर अड़े रहे। काफी देर तक चले इस हंगामें के बाद कांग्रेसी धरने पर भी बैठ गए, लेकिन पुलिस प्रशासन ने उनकी एक नहीं सुनी। काफी देर बाद प्रियंका और राहुल को वापिस दिल्ली भेज दिया गया। जिसके बाद सभी कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता दिल्ली की तरफ लौट गए। बताया जा रहा हैकि राहुल और प्रियंका सहित सभी कांग्रेस सांसद पार्लियामेंट चले गए।
राहुल और प्रियंका को संभल जाने से रोकने के लिए पुलिस ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की थी। ऐसे में यूपी बॉर्डर पर उनके काफिले को रोकने के लिए ट्रैफिक को पहले ही रोक दिया गया था। प्रशासन की इस सख्ती के कारण कई लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। कोई पिता की अंत्येष्टि में नहीं जा सका तो कोई ऐसा भी था, जिसे सुनवाई के लिए कोर्ट जना था, लेकिन नहीं जा सका। घंटों जाम में फंसे रहने के कारण गुस्साए लोगों ने कांग्रेस नेताओं पर ही अपना गुस्सा निकालना शुरू कर दिया। लोग गुस्से में कांग्रेस कार्यकर्ताओं से ही भिड़ गए और कुछ कार्यकर्ताओं को थप्पड़ भी जड़ दिए।
दरअसल, ट्रैफिक जाम में फंसे नरेंद्र सिंह ने बताया कि उनकी बेटी का मेरठ में एग्जाम है। पीड़ित का कहन है कि उसकी बेटी का 1 बजे से पेपर है, लेकिन वह दिल्ली-यूपी बॉर्डर पर जाम में फंसे हुए हैं। ऐसे में वह भारी जाम से निकल ही नहीं पा रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि सड़कों पर लोगों को परेशान क्यों किया जा रहा है। जिसके बाद कई लोग कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर ही नाराज हो गए और हाथापाई की नौबत आ गई। यहां जनता और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट जैसे हालात बन गए। बताया जा रहा है कि इस घटना के दौरान कई लोगों ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भी थप्पड़ जड़ दिए।