श्रीनगरः जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में एक एसयूवी के खाई में गिरने से एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई और एक बच्ची घायल हो गई। अधिकारियों ने शनिवार को घटना की जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार ये हादसा शुक्रवार देर रात उरी क्षेत्र के गोहलान में हुआ, जब परिवार पास के ही एक गांव में शादी समारोह में शामिल होने के बाद लौट रहा था। एसयूवी में चालक समेत कुल पांच लोग सवार थे। सभी को घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया।
अधिकारियों ने बताया कि घायलों में सैयद शफीक शाह (26), उनकी पत्नी राशिदा बानो (25), उनकी बहन दिलनाज फातिमा (17) और चचेरी बहन शाहिदा फातिमा (27) ने दम तोड़ दिया। वहीं 11 वर्षीय बच्ची को इलाज के लिए बारामूला के सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

