हापुड़ः बुलंदशहर के स्याना में हापुड़ मार्ग पर आज कबाड़ के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि इससे उठने वाला काले धुएं का घना गुबार करीब दो किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था। आसमान में काले धुएं के बादल छाने से आसपास के इलाके में हड़कंप और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया गया कि हापुड़ मार्ग पर आबादी से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर स्थित कबाड़ के गोदाम में अचानक आग भड़क उठी।
गोदाम में बड़ी मात्रा में कबाड़ का सामान रखा होने के कारण आग तेजी से फैल गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और गोदाम से ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। आसमान में काले धुएं का घना गुबार छा गया। दूर तक धुआं दिखाई देने पर आसपास के लोग घटना स्थल की ओर दौड़ पड़े। आग की भयावहता देखकर लोग सहम गए।
धुएं के कारण आसपास के क्षेत्र में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। फिलहाल आग लगने के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल सका है। आग की चपेट में आने से गोदाम में रखे लाखों के कबाड़ के जलकर खाक होने और भारी आर्थिक नुकसान की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद गोदाम में आग लगने के कारणों और इससे हुए नुकसान को लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं। कबाड़ के गोदाम में लगी आग की घटना ने क्षेत्र में अग्नि सुरक्षा के इंतजामों को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

