मुक्तसरः श्री मुक्तसर साहिब के फत्तणवाला एन्क्लेव में 14 नवंबर की देर शाम उस समय हलचल देखने को मिली, जब नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो यानी एनसीबी के अधिकारी एक शराब कारोबारी के घर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। मिली जानकारी के अनुसार एनसीबी की यह कार्रवाई करीब एक घंटे तक चली। जिस मकान में अधिकारियों की ओर से जांच की गई, उसके मालिक और परिवार के सदस्यों के घर में मौजूद नहीं होने की जानकारी सामने आई है।
इस कार्रवाई के बाद एनसीबी के अधिकारी घर के बाहर खड़ी एक लग्जरी कार को अपने कब्जे में लेकर थाना सिटी पहुंचे। जहां एनसीबी अधिकारियों की ओर से यह कार थाना सिटी पुलिस के हवाले कर दी गई। हालांकि, कार को कब्जे में लेने के संबंध में पूरे कानूनी आधार और कार्रवाई के बारे में अभी तक आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। उधर, जब एनसीबी की टीम जांच पूरी करने के बाद घर से बाहर निकली तो मौके पर मौजूद मीडिया टीम की ओर से अधिकारियों से बातचीत कर छापेमारी के कारणों के बारे में जानकारी लेने की कोशिश की गई। लेकिन अधिकारियों ने कैमरे के सामने आने से दूरी बनाए रखी और कार्रवाई के संबंध में कोई भी जानकारी देने से गुरेज किया।
फिलहाल सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक इस छापेमारी को शराब कारोबारी के बेटे के खिलाफ चंडीगढ़ स्थित एनसीबी में एनडीपीएस कानून के तहत दर्ज बताए जा रहे एक मामले से जोड़कर देखा जा रहा है। बताया जा रहा है कि इसी मामले के संबंध में एनसीबी अधिकारी श्री मुक्तसर साहिब के फत्तणवाला एन्क्लेव स्थित घर पहुंचे थे। हालांकि, इस पूरी कार्रवाई को लेकर एनसीबी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। इसलिए छापेमारी के असल कारणों, कार को कब्जे में लेने के आधार और मामले की अगली कार्रवाई के बारे में आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।
