पंचकूलाः पुलिस की एंटी नारकोटिक सेल ने नशा तस्करी के मामले में कार्रवाई करते हुए 23 ग्राम हेरोइन के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान तरणप्रीत सिंह निवासी जिला फतेहगढ़ साहिब, पंजाब के रूप में हुई है। आरोपी से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने हेरोइन सप्लाई करने वाले उसके साथी विशाल उर्फ शिवचरण निवासी आदमपुर, जिला फतेहगढ़ साहिब, पंजाब को भी गिरफ्तार किया है।
एसीपी क्राइम अमन कुमार के अनुसार एंटी नारकोटिक सेल को 24 सितंबर को गुप्त सूचना मिली थी कि तरणप्रीत सिंह बाइक पर सवार होकर सेक्टर-24 स्थित डंपिंग ग्राउंड के पास हेरोइन की सप्लाई करने आने वाला है। सूचना के आधार पर इंचार्ज सौरव रावत की अगुवाई में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर नाकाबंदी की और आरोपी को मोटरसाइकिल सहित काबू कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी से 23 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ थाना चंडीमंदिर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह के अनुसार आरोपी को 25 सितंबर को कोर्ट में पेश कर रिमांड हासिल किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी तरणप्रीत सिंह ने हेरोइन सप्लाई करने वाले आरोपी विशाल के संबंध में जानकारी दी। उसकी निशानदेही पर पुलिस टीम ने 26 सितंबर को आरोपी विशाल उर्फ शिवचरण को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत भेज दिया गया है।