पटियालाः गांधी मार्केट इलाके में ATM तोड़कर चोरी करने की कोशिश के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि उनका एक साथी अभी फरार बताया जा रहा है। डीएसपी सिटी-1 पटियाला संजीव सिंगला ने बताया कि 14 सितंबर, 2026 को गांधी मार्केट इलाके में ATM तोड़ने की कोशिश की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही एसएसपी पटियाला हरमनदीप सिंह हंस, एसपी सिटी मोहित अग्रवाल, थाना लाहौरी गेट के एसएचओ इंस्पेक्टर सौरव बरवाल और सीआईए टीमों ने कार्रवाई शुरू की।
इस मामले में FIR नंबर 167/26 दर्ज की गई। जांच में CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस ने आरोपियों की पहचान की और 20 सितंबर को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरजिंदर शर्मा निवासी बरनाला और लवप्रीत सिंह उर्फ लवी निवासी गांव भैणी फत्ता थाना धनौला बरनाला के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने रात करीब 2 से 2:30 बजे एटीएम में प्रवेश किया और करीब डेढ़ घंटे तक एटीएम तोड़ने की कोशिश की, लेकिन वे एटीएम तोड़ने में सफल नहीं हो सके। जिसके बाद दोनों मौके से फरार हो गए। डीएसपी संजीव सिंगला के अनुसार पूछताछ और पुलिस रिमांड के दौरान सामने आया कि इस वारदात में एक तीसरा व्यक्ति भी शामिल था, जो फिलहाल फरार है। पुलिस उसकी तलाश और पहचान के लिए जांच कर रही है।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी फिलहाल कोई नियमित काम नहीं करते थे। इनमें से एक पहले एंबुलेंस ड्राइवर के तौर पर काम करता था। पुलिस आरोपियों का पिछला आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाल रही है, हालांकि अभी तक जांच में कोई अन्य वारदात सामने नहीं आई है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने एटीएम की पहले दो बार रेकी भी की थी, जिसके बाद वारदात को अंजाम देने की कोशिश की गई। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई कर रही है, जबकि फरार तीसरे आरोपी को पकड़ने के लिए जांच जारी है।