जालंधर, ENS: जालंधर पठानकोट बाईपास के पास देर रात तीन बजे विश्व हिंदू परिषद और गौ रक्षा दल की टीमों ने गोवंश से भरी दो महिंद्रा पिकअप गाड़ियों को पकड़ लिया। दोनों गाड़ियों को तिरपाल से ढका हुआ था, ताकि अंदर ले जाए जा रहे गोवंश को छिपाया जा सके। टीमों ने जब गाड़ियों को रोकने का प्रयास किया तो चालकों ने भागने की कोशिश की। इसी दौरान एक संदिग्ध वाहन का पीछा करते हुए वह दूसरे वाहन को टक्कर मारने के बाद सड़क किनारे खंभे से जा टकराया। हादसे के बाद चालक गाड़ी छोड़कर भागने लगा, लेकिन गौ रक्षक टीम के सदस्यों ने उसे काबू कर लिया।
गौरक्षक टीम के प्रतिनिधि इंदरजीत बिश्नू परशाद के बताया टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि दो पिकअप गाड़ियों में गोवंश को भरकर ले जाया जा रहा है। रात करीब 2:30 बजे पहली गाड़ी को रोककर जांच की गई। इसी दौरान एक अन्य संदिग्ध पिकअप तेज रफ्तार से वहां से निकल गई। टीम ने उसका पीछा किया। खुद को घिरता देख चालक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई और टीम ने उसे पकड़ लिया। उन्होंने बताया कि गाड़ियों में गोवंश को कथित तौर पर बेहद क्रूर तरीके से ठूंस-ठूंसकर भरा गया था। एक पिकअप से तीन बैल बरामद किए गए हैं, जबकि दूसरी गाड़ी की विस्तृत जांच की जा रही है। टीम के मुताबिक, मौके पर पशुओं के परिवहन से संबंधित कोई वैध बिल या सरकारी दस्तावेज पेश नहीं किया गया। टीम ने आरोप लगाया कि गोवंश को पठानकोट और जम्मू के इलाकों में अवैध कटाई तथा मांस की सप्लाई के लिए ले जाया जा रहा था।
घटना की सूचना मिलते ही संबंधित थाने की पुलिस और थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों पिकअप गाड़ियों को कब्जे में लेकर एक चालक को हिरासत में लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। बरामद गोवंश और पकड़े गए चालक से पूछताछ की जा रही है। साथ ही दोनों वाहनों के दस्तावेजों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि दस्तावेजों की जांच और पूछताछ के आधार पर मामले की पूरी जानकारी सामने आएगी। इसके बाद आरोपियों के खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।