नई दिल्लीः देश के कई राज्यों में ठंड ने दस्तक देनी शुरू कर दी है वहीं, दूसरी तरफ कई राज्यों में घनघोर बारिश ने लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त कर रखा है। साथ ही एयर पॉल्यूशन ने भी अपने पैर पसारने शुरू कर दिए हैं। दिल्ली, यूपी, बिहार में एक तरफ ठंड की शुरुआत हो रही है, तो महाराष्ट्र, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में तेज बारिश का दौर शुरू हो गया है। बारिश से लोगों का जीना दूभर होता दिख रहा है।
तमिलनाडु के चेन्नई में आज सुबह से ही तेज बारिश हो रही है। इसे देखते हुए आज तमिलनाडु के स्कूल व ऑफिस सब बंद हैं। साथ ही आंध्र प्रदेश में भी सरकार ने 17 अक्टूबर तक की एक साथ छुट्टी घोषित कर दी है। बता दें कि आंध्र प्रदेश के कई जिलों में लगातार भारी बारिश हो रही है, जिसके चलते राज्य सरकार ने प्रभावित इलाकों में स्कूल, कॉलेज और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में छुट्टियां घोषित कर दी हैं। सरकार ने आदेश जारी करते हुए बताया कि तिरुपति, चित्तूर, नेल्लोर और प्रकाशम जैसे अन्य जिलों में स्कूल 17 अक्टूबर, 2024 तक बंद रहेंगे।
IMD ने आने वाले वीरवार तक आंध्र प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश की अलर्ट जारी किया है। ये बंगाल की खाड़ी के दक्षिणी भाग में बन रहे कम दबाव के सिस्टम के कारण हो रहा है, जो मजबूत होकर तट की ओर बढ़ने की उम्मीद है, जिससे पूरे राज्य में तेज बारिश होने का अनुमान है। आईएमडी अलर्ट के मुताबिक, कृष्णा, बापटला, नेल्लोर, प्रकाशम, तिरुपति और चित्तूर जैसे जिलों में वीरवार तक भारी बारिश होने की संभावना है, यहां हवा की गति 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
इसके अलावा, श्री सत्यसाई, अन्नामैया और वाईएसआर जिलों में बहुत भारी बारिश होने का अंदेशा है। राज्य सरकार ने जिला कलेक्टरों को प्रारंभिक चेतावनी जारी की है, जिसमें उन्हें निचले इलाकों में संभावित बाढ़ के लिए तैयार रहने का आग्रह किया गया है। खतरनाक समुद्री परिस्थितियों के कारण मछुआरों को तट से दूर रहने की सलाह दी गई है।