जालंधर: आम आदमी क्लीनिकों की कार्यप्रणाली का जायजा लेने के लिए सिविल सर्जन डॉ. गुरमीत लाल ने मकसूदां तथा काजी मंडी स्थित आम आदमी क्लीनिक पर अचानक पहुंचकर चैकिंग की। सिविल सर्जन ने वहां पर रोगियों को दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं बारे विस्तारपूर्वक जानकारी हासिल की।
इस चैकिंग के दोरान सिविल सर्जन ने वहां पर दवाई लेने हेतु आए रोगियों से बातचीत की तथा स्टाफ को निर्देश दिए कि उनके पास दवाइयां का स्टॉक खत्म होने से पहले ही उसकी डिमांड भेज दी जाए ताकि रोगियों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
जानकारी देते हुए सिविल सर्जन डॉ. गुरमीत लाल ने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा जिले में 66 आम आदमी क्लीनिकों में अब तक 15,98,534 रोगी इलाज करवा चुके हैं। उन्होंने कहा कि जब से आम आदमी क्लीनिक की शुरूआत हुई है तब से अब तक 5,22,198 रोगियों के लैबोरेटरी टैस्ट भी मुफ्त किया जा चुके हैं।