खन्नाः 15 अगस्त को लेकर शहर में हाई अलर्ट है। वहीं पुलिस की ओर से हर तरफ सुरक्षा के पुख्ता किए गए। बावजद इसके शहर में चोरी की वारदातें बढ़ती जा रही है। अलर्ट के बावजूद चोरों ने खन्ना के प्राचीन शिवपुरी मंदिर को निशाना बनाया। यहां चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम तो दिया, लेकिन हथौड़े से शिवलिंग को भी खंडित कर दिया। जिसके बाद हिंदू संगठनों में रोष देखने को मिल रहा है।
वहीं उन्होंने पुलिस की कार्यशैली पर भी कई सवाल खड़े किए। चोरी की वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। जिसमें दिखाई दे रहा है कि दो चोर मंदिर में घुसते है और शिवलिंग को खंडित करते है और वहीं लगी चांदी को तोड़कर चोरी कर फरार हो जाते है। इसके बाद लॉक तोड़कर मंदिर के अंदर हनुमान जी की मूर्ति से मुकुट चोरी करते हैं। अन्य मूर्तियों से भी सोने चांदी के आभूषण चोरी करके फरार हो जाते हैं। मौके पर पहुंचे डीएसपी हरजिंदर सिंह गिल ने कहा कि सिटी थाना-1 के इलाके में वारदात हुई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी से चोरों का पता लगाया जा रहा है। इनके खिलाफ बेअदबी की धारा भी लगाएंगे।