जालंधर,ENS : सिटी पुलिस ने नशीली गोलियों और कैप्सूल बरामद सहित 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। डीजीपी गौरव यादव ने यह जानकारी सांझा की है। पुलिस ने कई इलाकों में छापेमारी कर नशीली गोलियां और कैप्सूल बरामद किए है। जानकारी के अनुसार इस मामले में पुलिस ने करीब तीन दिन तक आगरा में छापेमारी की।
पुलिस ने वहीं से आरोपी सुमित को गिरफ्तार किया। यह मामला चार लोगों के खिलाफ दर्ज किया गया था, जिसके बाद मामले में अन्य लोगों को नामजद किया गया। आगरा से सुमित की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने करीब 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई कमिश्नरेट पुलिस की स्पेशल सेल ने की है। सभी आरोपियों का क्राइम रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है।
पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा की अगुवाही में अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ नेटवर्क का पर्दाफाश किया गया। जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने नशे के नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए 9 लोगों को गिरफ्तार किया। इनके पास से 1.11 लाख गोलियां बरामद की गई हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जल्द ही पुलिस कमिश्नर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले में जानकारी साझा करेंगे।
