ऊना में बढ़ रहा है गौ तस्करों और पशु चोरों का आतंक
ऊना/सुशील पंडित : ऊना के जलग्रां टब्बा गांव में रक्कड़ कॉलोनी मोड़ के ऊपर शनिवार को तीन लोग गाय चुराते पकड़े गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार सड़क किनारे घास चर रही दो गायों को जब तीन लोगों ने एक गाड़ी में डाला तो पास के लोगों ने गाय के मालिक को सूचना कर दी। गाय के मालिक जब पहुंचे तो गाय उठाने वालों ने कहा कि उन्हें लगा कि ये गाय किसी की नहीं हैं और आवारा घूम रही हैं। इसलिए उन्होंने सोचा कि गर्भवती गायों को घर ले जाते हैं। धीरे धीरे गाय चुराने वाले गिरोह की खबर चारों ओर फैलने लगी। रक्कड़ कॉलोनी के आस पास के वे लोग भी मौके पर पहुंच गए जिनकी पिछले दिनों गाय चोरी हुई थी। लोगों ने संदिग्ध गौ तस्करों को पकड़ लिया जिसे सदर थाने के एसएचओ मनोज वालिया ने छुड़ाया। पुलिस की टीम उन्हें मौके से थाने ले गई जहां शिकायतकर्ता के बयान के बाद मामला दर्ज कर लिया गया है।
रक्कड़ कॉलोनी निवासी केसर सिंह पुत्र गुरदेव सिंह ने बताया कि कुछ दिन पहले उनके जानकार दो लोगों की गाय भी इसी तरह रहस्यमयी तरीके से गायब हो गई थी। तब से हम गाय चोरों की तालाश में थे। एक प्रवासी मजदूर ने बताया कि उसने भी एक गाय रखी थी जो अच्छा खासा दूध देती थी। पिछले महीने कोई उसकी गाय को खूंटी से खोलकर ले गया। समूर कलां का एक परिवार भी मौके पर पहुंचा और उसने बताया कि 15 दिन पहले समूर कलां से उनकी भैंस भी चोरी हो चुकी है। प्रेम नगर के एक परिवार ने भी बताया है कि कुछ दिन पहले उनकी गाय भी चोरी हो चुकी है। टाहलीवाल में भी शुक्रवार को चार लोग गाय उठाते हुए पकड़े गए थे। जब आसपास के लोगों ने गौ तस्करों से आधार कार्ड मांगे तो वे भाग खड़े हुए। इससे पहले मलाहत से भी बेसहारा पशुओं के गायब होने की सूचना मिली थी।
शनिवार को जो लोग गाय चुराते हुए रंगे हाथों पकड़े गए थे उनके नाम विक्रमजीत सिंह, सुनील कुमार और सुलिंद्रा बताए जा रहे हैं। रक्कड़ कॉलोनी के केसर सिंह की शिकायत पर अब सदर पुलिस ने न मालूम लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है।