नई दिल्लीः देश के 7 राज्यों की 13 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के आज नतीजे आएंगे। बिहार, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब और हिमाचल प्रदेश में सुबह से मतगणना चल रही। पंजाब में जालंधर पश्चिम विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव को मुख्यमंत्री भगवंत मान के लिए अग्निपरीक्षा के तौर पर देखा गया, लेकिन आप पार्टी के उम्मीदवार मोहिंदर भगत ने 37325 मतों से जीत हासिल की। वहीं, हिमाचल में सीएम सुक्खू की पत्नी मैदान में उतरीं, यहां सीएम की साख का सवाल था। लेकिन इस सीट पर कांटे की टक्कर के बाद सीएम सुक्खू की पत्नी ने जीत हासिल की।

देहरा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी होशियार सिंह की हार हुई है। सीएम सुखविंदर सिंह की पत्नी कमलेश ठाकुर ने उन्हें हराया है। हालांकि, अब तक आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन 10 राउंड की काउंटिंग खत्म हो गई है। ऐसे में अब भाजपा की ‘होशियारी’ काम नहीं आई है। चुनाव से पहले पार्टी में शामिल हुए आजाद विधायक रहे होशियार सिंह को बड़ा झटका लगा है और वह हार गए हैं। वह लगातार दो चुनाव में यहां से जीत रहे थे।
उत्तराखंड की मंगलौर सीट पर 5 राउंड की गिनती के बाद कांग्रेस उम्मीदवार काजी मोहम्मद निजामुद्दीन ने अपने नजदीकी प्रतिद्वंद्वी बसपा के उबैदुर्रहमान पर 7385 वोटों की बढ़त बना ली है। भाजपा के करतार सिंह भड़ाना तीसरे स्थान पर चल रहे हैं। वहीं, बदरीनाथ सीट पर कांग्रेस के लखपत सिंह बुटोला ने बीजेपी प्रत्याशी राजेंद्र भंडारी पर 1935 वोटों की बढ़त हासिल कर ली है।
बिहार की रूपौली सीट पर 5 राउंड की काउंटिंग हो चुकी है। जेडीयू के कलाधर प्रसाद मंडल 1757 वोटों से आगे चल रहे हैं। दूसरे स्थान पर निर्दलीय उम्मीदवार शंकर सिंह हैं। वहीं, बीमा भारती तीसरे स्थान पर हैं।
पश्चिम बंगाल की रायगंज सीट पर टीएमसी उम्मीदवार कृष्णा कल्याणी आगे चल रहे हैं। दूसरे नंबर पर बीजेपी के मानस कुमार घोष हैं, जो 28518 वोटों से पीछे चल रहे हैं। इस सीट पर अभी तक पांच राउंड वोटों की गिनती हो चुकी है।
राणाघाट दक्षिण सीट पर भी टीएमसी उम्मीदवार मुकुट मणि अधिकारी आगे हैं, जिन्हें अभी तक 32298 वोट मिले हैं। दूसरे नंबर पर बीजेपी उम्मीदवार मनोज कुमार विश्वास हैं, जो 6217 वोटों से पीछे हैं। यहां तीन राउंट काउंटिंग हो गई है।
बागदा सीट पर टीएमसी के मधुपरणा ठाकुर आगे चल रही हैं। अभी तक उन्हें 50236 वोट मिले हैं। वह बीजेपी के उम्मीदवार विनय कुमार विश्वास से 11745 वोटों से आगे हैं। यहां पर छह राउंड वोटों की गिनती हो चुकी है।
मानिकतला सीट पर भी टीएमसी की सुप्ति पांडे आगे हैं। सुप्ति को अभी तक 22071 वोट मिले हैं। दूसरे नंबर पर बीजेपी के कल्याण चौबे हैं, जिन्हें 5240 वोट मिले हैं। यहां पर पांच राउंड वोटों की गिनती हुई है।