बांसवाड़ा : जिले के आनंदपुरी थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत वन्नड़ा डोकर के गांव डोकर के खराडीपाड़ा में अनास नदी में डूबने से एक ही परिवार की 3 चचेरी बहनों की मौत हो गई। मृतक बच्चियों की पहचान इटली( 11) पुत्री गणपत, शर्मिला उर्फ हूकी(10) पुत्री दिनेश तथा टीना(10)पुत्री दिनेश के तौर पर हुई है। तीनों के पिता अहमदाबाद में मजदूरी करने गए थे।
रोजमर्रा की तरह कुछ बालिकाएं बकरियां चराने घर से कुछ ही दूरी पर अनास नदी के किनारे गई थी। दोपहर नदी किनारे पर तीनों एक साथ पानी में हाथ-पैर धोने लगी। इस दौरान तीनों एक साथ फिसलकर नदी की गहराई में चली गई और डूब गई। थोड़ी दूरी पर एक और छोटी लड़की भी बकरियां चरा रही रहा थी, जिसने दौड़कर परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तीनों को नदी से बाहर निकाला।
परिजन इटली, शर्मिला और टीना को आनंदपुरी अस्पताल लेकर आए, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने तीनों बालिकाओं के शवों का पोस्मार्टम करवाकर परिजनों के सुपुर्द किए। तीनों के पिता अहमदाबाद में हैं, जिन्हें सूचना दी गई है। घटना की जानकारी मिलने पर हर कोई आहत है। तीनों बेटियां राजकीय प्राथमिक विद्यालय खराड़ी फला में पढ़ती थीं। तीनों पढ़ाई में काफी होशियार थी। रविवार की छुट्टी होने के कारण तीनों स्कूल नहीं गईं थीं।