लुधियाना : बीती रात करीब साढ़े तीन बजे पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है। अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग की है। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने 2 युवकों के पैरों में गोलियां दागी हैं।दोनों आरोपियों के नाम रविंदर और सतिंदर है। फिलहाल किसी अधिकारी ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
बता दें कि रात करीब साढ़े तीन बजे हैबोवाल थाने की पुलिस को मुखबिर से गुप्त सूचना मिली थी कि हत्या के प्रयास के 2 आरोपी राम एन्क्लेव में छिपे हुए हैं। पुलिस ने जब छापेमारी की तो पुलिस को देखकर अपराधी अपना ठिकाना बदलने लगे। पुलिस ने अपराधियों को घेर लिया और उन्हें सरेंडर करने को कहा लेकिन उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अपराधियों पर फायरिंग की और उन्हें काबू कर लिया। पुलिस ने आरोपियों को घायल अवस्था में सिविल अस्पताल में भर्ती कराया है। पता चला है कि रविंदर के दाएं पैर और सतिंदर के बाएं पैर में गोली लगी है।

दोनों आरोपियों के खिलाफ हैबोवाल थाने में 18 जून 2024 का मामला दर्ज है। इसी मामले में पुलिस अपराधियों को गिरफ्तार करने राम एन्क्लेव गई थी। पंजाब के लुधियाना में बीते रात करीब साढ़े 3 बजे पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है।