जगराओं : शहर से कुछ दूर स्थित गांव राजगढ़ में मामूली बात को लेकर शिकायत करना एक महिला को इतना भारी पड़ गया। आरोपियों ने रात के अंधेरे में घर में घुसकर हमला कर दिया। इस दौरान आरोपियों ने एक महिला के कपड़े तक फाड़ डाले। पुलिस ने मां-बेटों समेत कुल 6 लोगों पर मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की पहचान बलजीत कौर, मनदीप सिंह उर्फ विक्की, प्रदीप सिंह उर्फ बब्बू, जगदीप सिंह उर्फ रिंकू, कुलदीप कौर, सरबजीत कौर निवासी गांव राजगढ़ के रूप में हुई है।
जानकारी देते हुए थाना सुधार के एएसआई जोरावर सिंह ने बताया कि पीड़ित हरि सिंह निवासी राजगढ़ ने पुलिस को शिकायत दर्ज कार्रवाई थी कि वह उसके साले का बेटा घर के नजदीक श्री गुरूद्वारा साहिब से पानी भरने गया था। वहां पर आरोपी बलजीत कौर ने उसके तमाचे मार दिए। जब बच्चा रोता हुआ घर लौटा तो उसकी पत्नी इस बारे में आरोपियों के घर पर शिकायत करने चली गई। वहां पर दोनों के बीच बहसबाजी हो गई। लेकिन गांव के लोगों ने समझौता करवा कर वापस भेज दिया।
इसके बाद रात को जब वह सो रहे थे तो आरोपी उनके हाथों में हथियार लिए उनके घर में घुस आए और उन पर हमला कर दिया। इस हमले में उसका बेटा गंभीर रुप से घायल हो गया। आरोप है कि हमले दौरान उसकी पत्नी के कपड़े फाड़ डाले। जब उन्होंने शोर मचाया तो आरोपी मौके से फरार हो गए। जिसके बाद पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने मामले की जांच करने के बाद सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपियें की तलाश शुरू कर दी। जांच अधिकारी ने बताया कि फिलहाल सभी आरोपी हमला करने के बाद घर से फरार हो गए थे। जिनको पकड़ने के लिये पुलिस छापेमारी कर रही है