2 चश्मदीद बच्चों ने बताई मौके की दास्तां
लुधियानाः सतलुज नदी के पास नहाने गए 6 दोस्त पानी के तेज बहाव के कारण डूब गए। 2 युवकों को आसपास के लोगों ने बचा लिया, लेकिन 4 युवक पानी के बहाव में बह गए। सभी युवक रविवार दोपहर 3 बजे एकत्र हुए थे और सतलुज नदी में नहाने गए थे। वहीं इस मामले को लेकर जब एनकाउंटर न्यूज के पत्रकार ने प्रशासन से बात की तो टीम के इंचार्ज दीपक ने बताया कि 16 लोगों की टीम बच्चों को ढूढंने में लगी हुई है, लेकिन अभी तक किसी का कुछ नहीं पता चल पाया है। करीब 19 घंटे से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन अभी तक प्रशासन के हाथ खाली है, गोताखोरों द्वारा लगातार तालाश की जारी है। प्रशासन ने कहा कि बच्चे 10 फीट के पास पानी की रेत में फंस भी सकते है।
उन्होंने कहा कि आगे पानी ज्यादा गहरा है तो वहां तेज बहाव में फंस भी सकते है। इस दौरान प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जिन बच्चों को तैरना नहीं आता तो पेरेंटस उन्हें नहाने के लिए ना भेजे। वहीं दीपक ने बताया कि इस घटना के आधा किलोमीटर दूरी पर एक ओर बच्चे के डूबने का पता चला है, जिसका रेस्क्यू उनकी टीम के द्वारा किया जा रहा है। वहीं मौके पर दोस्तों के साथ नहाने आए चश्मदीद विवेक ने बताया कि वह दोस्तों के साथ यहां सतलुज दरिया के किनारे पर नहाने के लिए आया था। इस दौरान विवेक ने बताया कि उन्हें पता ही नहीं चला कि उनके दोस्त कब पानी में डूब गए। विवेक ने बताया कि पास में बैठे लोगों ने उन्हें बचा लिया, जब उन्हें होश आया तो पता चला कि अन्य दोस्त पानी में डूब गए।
विवेक ने बताया कि वह 12वीं का छात्र है और पास में ही दोस्त का घर है, जिसके साथ वह नहाने के लिए आए थे। वहीं दूसरे चश्मदीद शाबाद ने बताया कि हम सभी दोस्त के घर आए थे, जिसके बाद वह नहाने के लिए यहां आ गए। इस दौरान पता ही नहीं चला कि कब पैर फिसलने से पानी में डूब गए। शाबाद ने बताया कि उन दोनों को वहां पर मौजूद लोगों ने बचा लिया और होश आने के बाद घटना के बारे में पता चला। उन्होंने बताया कि किसी को भी तैरना नहीं आता था। इससे पहले भी वह एक बार नहाने के लिए यहां आ चुके है।