नई दिल्लीः नरेंद्र मोदी आज तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। कार्यक्रम राष्ट्रपति भवन में शाम 7.15 बजे होगा, लेकिन इससे पहले ही संभावित मंत्रिमंडल की तस्वीर साफ हो गई है। कयास हैं कि मोदी के साथ करीब 63 मंत्री शपथ ले सकते हैं। मोदी ने रविवार सुबह राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद वे अटलजी की समाधि और नेशनल वॉर मेमोरियल गए। सुबह मोदी ने अपने आवास पर संभावित मंत्रियों के साथ मीटिंग की।
मोदी के घर पहुंचे नेताओं में शाह, राजनाथ, निर्मला और जयशंकर के साथ शिवराज सिंह चौहान, मनोहर लाल खट्टर और कुमारस्वामी भी पहुंचे। वहीं, नितिन गडकरी, पीयूष गोयल, ज्योतिरादित्य सिंधिया और अर्जुन राम मेघवाल भी नजर आए।
शपथ लेने के साथ ही मोदी पूर्व पीएम पंडित जवाहर लाल नेहरू के लगातार तीन बार प्रधानमंत्री बनने के 62 साल पुराने रिकॉर्ड की बराबरी कर लेंगे। नेहरू 1952, 1957 और 1962 में लगातार 3 बार विजयी होकर पीएम बने थे। हालांकि, नेहरू की सरकार पूर्ण बहुमत की थी। मोदी की तीसरी पारी गठबंधन की बुनियाद पर चलेगी।