नई दिल्ली : राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के बडलियास थाना क्षेत्र में बीती रात एक मकान का बरामदा ढह जाने से मलबे में दबी एक महिला और उसकी बेटी की मौत हो गई। जबकि एक बच्ची घायल हो गई। पुलिस उपनिरीक्षक सिद्धार्थ प्रजापत ने रविवार को बताया कि एक मकान का बरामदे के शनिवार देर रात अचानक ढह जाने से मलबे में दबी राधा (40) और उसकी बेटी सपना (13) की मौत हो गई जबकि 8 वर्षीय छोटी बेटी हादसे में घायल हो गई।
उन्होंने बताया कि हादसे के समय महिला का पति वहां मौजूद नहीं था। घायल बच्ची का अस्पताल में उपचार चल रहा है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिये गये। इस संबंध में सीआरपीसी की धारा 174 के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।