लुधियानाः लुधियाना के वेस्ट में आप विधायक गुरप्रीत गोगी ने देर रात राजगुरू नगर सब्जी मंडी में रेड की। इस दौरान आप विधायक की रेड से तहबाजारी विभाग के अधिकारियों में हड़कंप मच गया। दरअसल, आप विधायक गोगी को अवैध वसूली की शिकायत मिली थी। इस दौरान आप विधायक ने रेड करके तहबाजारी विभाग के कर्मचारी को सब्जी मंडी से रेहड़ी फड़ी वालों से अवैध वसूली करते हुए दबोचा। वहीं आप विधायक की रेड के दौरान कुछ लोग भागने में कामयाब रहे। रेहड़ी वालों ने विधायक गोगी को बताया कि उनसे एक साल के लिए तहबाजारी कर्मचारी 15 हजार रुपए ले जाते है, जबकि रसीद सिर्फ 3 महीने की दी जाती है। गोगी ने रेहड़ी संचालकों से कहा कि वह सब्जी बेचने के लिए खुद के बैंच खरीदे।
कुछ लोग बैंच किराए पर देने की आड़ में भी अवैध वसूली कर रहे है। रेहड़ी वालों ने बताया कि वह जिससे भी लाइट जलाने के लिए कनेक्शन लेते हैं, वह भी उनसे मोटे रुपए लेता है। गोगी ने कहा कि सब्जी मंडी में एक सार्वजनिक बिजली मीटर लगवा दिया जाएगा जिसका बिल सभी सब्जी विक्रेता पैसे इकट्ठा करके जमा करवाएंगे। विधायक गोगी की रेड के बाद सब्जी विक्रेताओं ने खुलासा किया कि अवैध वसूली करने वाले तहबाजारी के कर्मचारी उनका नाम खराब कर रहे है। उनके साथ कुछ प्राइवेट गुंडे रखे है जो अवैध वसूली करते है। विधायक के नाम पर सब्जी मंडी से ये लोग पैसे इकट्ठे करते है। गोगी ने कहा कि समस्त सब्जी विक्रेता अपनी रेहड़ी पर उनका मोबाइल नंबर लिख ले।
यदि कोई उनके नाम से अवैध वसूली करने आता है तो तुरंत उन्हें फोन करें। विधायक गोगी ने कहा कि उन्होंने पिछले 1 सप्ताह से सब्जी मंडी में अपने किसी वर्कर की डयूटी लगाई हुई थी। जैसे ही आज अवैध वसूली करने वाला व्यक्ति आया तो उसे दबोच लिया गया। पिछले 1 सप्ताह से पूरा रिकॉर्ड सब्जी मंडी के एकत्र किया जा रहा था। कुल 127 रेहड़ियां है जिनसे तहबाजारी और प्राइवेट लोग पैसे इकट्ठे करते है। कुछ पैसे निगम कर्मचारियों और इंस्पेक्टर को जाते बाकी ये बदमाश खुद रखते।
गोगी ने कहा कि मामले की अब जांच करवा कर निगम कर्मचारियों के साथ-साथ अधिकारियों को सस्पेंड करवाया जाएगा। विधायक गोगी ने कहा कि सब्जी मंडी में जो भी गैंगस्टर या बदमाश गुंडा टैक्स इकट्ठा करने आएगा उस पर तुरंत एक्शन लेकर सलाखों के पीछे धकेला जाएगा। गोगी ने तहबाजारी अधिकारी से पिछले 8 महीने का सब्जी मंडी से इकट्ठी की गई सरकारी रसीदों का रिकॉर्ड मंगवाया है। गोगी ने तहबाजारी इंस्पेक्टर अजय कुमार को मौके पर बुलाया। इंस्पेक्टर की गोगी ने जमकर क्लास लगाई।