नई दिल्ली: मुंबई और उसके आस-पास रहने वाले लोगों के लिए एक जरूरी खबर है। 2 और 3 दिसंबर की रात के दौरान कल्याण-अंबरनाथ खंड पर ट्रेन नहीं चलेंगी। दरअसल मध्य रेलवे अप और डाउन दक्षिण-पूर्व लाइनों पर एक विशेष ट्रैफिक ब्लॉक लागू करने जा रहा है। मध्य रेलवे ने बीते गुरुवार को इस योजना की घोषणा की। जानकारी के मुताबिक इस ब्लॉक का मकसद ठाणे जिले के उल्हासनगर में फुट ओवर ब्रिज गर्डर्स की लॉन्चिंग की सुविधा प्रदान करना है। बता दें निर्धारित ब्लॉक 2 घंटे के लिए होगी, जो रात 1:20 बजे से 3:20 बजे तक रहेगी।
मध्य रेलवे की ट्रेनें रद्द
मध्य रेलवे के आधिकारिक ने बताया गया है कि ब्लॉक को देखते हुए, कुछ ट्रेनें कैंसिल कर दी जाएंगी और कुछ देर रात की ट्रेनों पर शॉर्ट-टर्मिनेशन लागू होगा। छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) से कर्जत के लिए अंतिम स्थानीय प्रस्थान रात 11:30 बजे होगा और खोपोली से सीएसएमटी के लिए अंतिम स्थानीय प्रस्थान रात 11:15 बजे निर्धारित है। इसके अलावा रविवार सुबह पहली लोकल के प्रस्थान समय को भी समायोजित किया गया है। आधिकारिक ने बताया गया है कि ब्लॉक अवधि के दौरान दक्षिण-पूर्व की ओर सभी अप और डाउन सेवाएं कल्याण और अंबरनाथ स्टेशनों के बीच कैंसिल रहेंगी। ऐसे में अगर आपको आज इस रूट पर जाना है तो आपको दूसरे साधनों से जाने या आने के लिए तैयार रहना चाहिए। इससे परेशानी से बच सकेंगे।