पटियालाः पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के निशाने पर हिमाचल प्रदेश में पालमपुर के नजदीक योल आर्मी एरिया था। मोटा पैसा बनाने के चक्कर में पटियाला के हरिंदर नगर का रहने वाला नशा तस्कर अमरीक सिंह आईएसआई के हनी ट्रैप में फंस गया और फिर उनके इशारे पर योल आर्मी एरिया के नक्शों समेत यहां की तस्वीरें व उपलब्ध बुनियादी ढांचे संबंधी खुफिया जानकारियां लीक कर रहा था। इस काम के लिए नशा तस्कर ने एक विदेशी सिम का इस्तेमाल किया। जिसके जरिये वह आईएसआई एजेंट शेर खान के साथ मोबाइल फोन पर संपर्क में था। अकसर इस मोबाइल पर वाइस रिकार्डिंग भेजने के अलावा फौज की जानकारियां भी देता था। बदले में आईएसआई की ओर से उसे हेरोइन व असलाह मुहैया कराया जाता था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक हेरोइन व असलाह को नशा तस्कर की ओर से महंगे दामों में आगे बेचकर अच्छा-खासा पैसा बनाया जा रहा था।
थाना घग्गा के इंचार्ज अमनपाल सिंह विर्क ने बताया कि वर्तमान में नशा तस्करी के केस में पटियाला की सेंट्रल जेल में बंद अमरीक सिंह को सोमवार यानि आज समाना में इलाका मेजिस्ट्रेट के सामने पेश करके प्रोडक्शन वारंट हासिल किया जाएगा। उससे पूछताछ करके बेचे असलाह के बारे में जानकारी हासिल करके इसे बरामद किया जाएगा। साथ ही और भी अहम जानकारियां जुटाई जाएंगी। पटियाला में पुलिस के एक बड़े अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि 7 जून 2022 को नशा तस्कर अमरीक सिंह ने अपने विदेशी सिम वाले मोबाइल के जरिये जो 140 पन्नों वाली फाइल पाक में आईएसआई एजेंट शेर खान को उसके मोबाइल पर भेजी थी, वह योल आर्मी एरिया संबंधित ही थी। जिसमें आर्मी एरिया के नक्शों के अलावा वहां की तस्वीरें व उपलब्ध बुनियादी ढांचे संबंधी खुफिया जानकारियां थीं।
साइबर क्राइम सेल की मदद से नशा तस्कर के विदेशी सिम वाले मोबाइल को खंगालने पर पुलिस के हाथ कई वाइस रिकार्डिंग लगी हैं। जिनमें से एक रिकार्डिंग में आईएसआई का एजेंट उक्त नशा तस्कर से मुखातिब होते कह रहा है कि उसने ड्रोन का इंतजाम कर लिया है। जल्द ही छह किलो चिट्टा भेज देगा। अगर उसे जरूरत है तो पैसा भी भेज देगा। लेकिन वह अपना काम करता रहे। फोन से मिली एक काल रिकार्डिंग में आईएसआई एजेंट उक्त नशा तस्कर से पूछ रहा है कि क्या भेजे गए दो एके-47 और 250 कारतूस उसे मिल गए हैं। जवाब मे अमरीक सिंह हां कहता है। फिर एजेंट उसे पूछता है कि मशीनें (असलाह) साफ कर ली या नहीं। नशा तस्कर कहता है कि कर लेंगे। एजेंट कहता है मजा लेने के लिए चला लेने थे। आगे से अमरीक सिंह कहता है कि चलाकर देख लूंगा, अभी सेहत ठीक नहीं है।