फिरोजपुरः जीरा में दो पत्रकारों में झड़प होने का मामला सामने आया है। इस घटना की वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रही है। वहीं पूर्व विधायक कुलबीर जीरा ने इस वीडियो को लेकर सीएम मान पर तंज कसा है। उन्होंने सीएम पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जहां पत्रकारों के हाथों में कलम होनी चाहिए वहीं उनके हाथों में तलवारें पकड़ी हुई है। मिली जानकारी के मुताबिक यह मामला पत्रकार दीपक भार्गव और सतीश विज के गुटों में हुआ है। बताया जा रहा है कि एक बुजुर्ग महिला मंदिर में बेटे की अरदास करने गई। जिसकी वीडियो सतीश के द्वारा वायरल कर उसका मजाक बनाया गया था। जिसके बाद यह विवाद हुआ है।
वहीं जानकारी यह भी मिली है कि उक्त महिला दीपक भार्गव के रिश्तेदार है, जिसके चलते उन्होंने सतीश द्वारा वीडियो वायरल किए जाने के बाद मजाक बनाने पर आपत्ति जताई है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक इस घटना के बाद दीपक पक्ष ने सतीश विज के दफ्तर पर तलवारों से हमला कर दिया। वहीं दूसरी ओर सतीश विज के पक्षों द्वारा भी तलवारें चलाई गई। इस घटना में दोनों पक्ष के लोग घायल हुए है। जिन्हें उपचार के लिए जीरा के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। बताया जा रहा है कि इस घटना को लेकर दोनों ने पुलिस को शिकायत दे दी है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई।
