कोरबा : जिले के पोंड़ी बहार स्थित जनरल स्टोर में चोरों ने सेंधमारी की है। अज्ञात चोर दुकान का ताला तोड़कर नगदी और खाद्य सामग्री ले उड़े। चोरी की सारी करतूत घटनास्थल में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। वीडियो में देखा जा सकता है कि चोर वारदात से पहले आसपास मौजूद घरों के दरवाजों को बाहर से बंद करते नजर आ रहे हैं। वे कुत्तों को भगाते, झोला और बोरी में सामान भरकर ले जाते दिखाई दे रहे हैं। इस मामले में पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। यह मामला सिविल लाइन के रामपुर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, रामपुर थानांतर्गत पोंड़ीबहार बस्ती निवासी सचिन कुमार अग्रवाल मकान के सामने में ही गणेश जनरल स्टोर का संचालन करते हैं। सचिन अग्रवाल प्रतिदिन की तरह रात दुकान बंद कर घर के भीतर चले गए। वे रात करीब 11 बजे बाहर निकले तो दुकान में लगा ताला सही सलामत था। जब सुबह नींद खुली तो मकान का दरवाजा बाहर से बंद मिला। जिसकी जानकारी उन्होंने छत पर चढ़कर आसपास के लोगों को दी। वे दरवाजा खुलने पर बाहर निकले। उन्होंने दुकान में जाकर देखा तो ताला टूटा मिला। शातिर चोरों ने दुकान के गल्ले से लगभग 5 हजार नगदी के अलावा सामान को पार कर दिया था। जिसकी सूचना पुलिस को दी गई। जब व्यवसायी ने बस्तीवासियों के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगालना शुरू किया तो एक कैमरे में चोरों की करतूत कैद मिली। वायरल वीडियों में तीन चोरों की करतूत साफ दिखाई दे रहीं है।
चोरों को मार्ग में आवाजाही करने वालों का जरा भी परवाह नही है। वे बेख़ौफ़ होकर एक दुकान में ताक छांक करने के बाद जनरल स्टोर की ओर बढ़ते नजर आ रहे हैं। चोरों ने चोरी को अंजाम देने से पहले आसपास स्थित घरों के दरवाजे को बाहर कर बंद कर दिया। अंजान लोगों को मंडराते देख कुत्ते भौंक रहे हैं, जिन्हें भगाया जा रहा है। इसके अलावा चोर झोला और बोरी में सामान उठाकर ले जाते दिख रहे हैं। मामले में शिकायत मिलने के बाद पुलिस विवेचना में जुट गई है।