पटियालाः सब डिविजन पातड़ा के अधीन आते खानेवाला बस स्टैंड पर कुछ लोगों ने एक युवक तेजधार हथियार से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि इस दौरान युवक का अंगूठा कट गया। हमले में घायल गुरविंदर सिंह निवासी गांव कल्लरभैनी को पहले पातड़ा के सेहत केंद्र अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर उसे पटियाला के राजिंदरा अस्पताल भेज दिया गया। चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर के चलते पीजीआई रेफर कर दिया।
पीड़ित गुरविंदर सिंह के पिता कर्मा गिर ने जानकारी देते हुए बताया कि उनका बेटा अपने दोस्त सन्नी के साथ बाइक से गांव खानेवाला बस स्टैंड के पास से गुजर रहा था। जहां बिना नंबर प्लेट वाली कार से आए आरोपियों ने गुरविंदर को घेर लिया। इसी बीच कुछ और बाइक पर सवार आरोपी भी आ गए और इन लोगों ने तेजधार हथियार से गुरविंदर पर हमला कर दिया। इसी दौरान आरोपियों ने गुरविंदर को पकड़ने के बाद आरोपी ने तेजधार हथियार से उसका अंगूठा काट दिया। इतना ही नहीं आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया।
कर्मा गिर ने बताया कि कुछ दिन पहले गांव के युवकों के बीच झगड़ा हुआ था। उक्त हमलावरों के विरोधी गुट के एक युवक के साथ उसका पुत्र गुरविंदर भी था, हालांकि बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया। उसके बयान के मुताबिक बेटे ने बताया कि कुछ लोग उसका पीछा कर रहे हैं और उस पर हमला कर सकते हैं। उसने अपने बेटे को हिदायत दी थी कि वह किसी से झगड़ा न करे। लेकिन हमलावारों ने बेटे को अकेला देख उस पर जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने गुरविंदर के बयान पर आरोपी अमनदीप सिंह निवासी कल्लरभैनी, प्रेम सिंह निवासी देवगढ़, अंग्रेज सिंह निवासी गांव हरियाउ खुर्द पतन और 3 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उधर, थानाध्यक्ष पातड़ा हरमनप्रीत सिंह चीमा ने कहा कि वह मामले की गहनता से जांच कर रहे हैं और जल्द ही कथित दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।