ऊना/ सुशील पंडित : संयुक्ता चौधरी हिमोत्कर्ष महिला प्रशिक्षण संस्थान ऊना में अप्रैल माह से कटिंग, टेलरिंग के नए बैच के लिए एडमिशन प्रक्रिया शुरु हो गई है। यह जानकारी संस्थान के प्राचार्य नरेश सैनी ने दी। उन्होंने कहा कि संस्थान में कटिंग व टेलरिंग का विशेष बैच शुरु किया जा रहा है। इसके लिए बीपीएल कम आय परिवार, मातृ-पितृ विहीन छात्राओं के लिए शुल्क में विशेष छूट का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि इन वर्गो से संबंधित छात्राओं को मात्र तीन सौ रुपए प्रतिमाह के सांकेतिक शुल्क पर संस्थान में प्रवेश दिया जाएगा।
एक वर्ष का कटिंग एवं टेलरिंग का कोर्स करवाया जाएगा। जिससे छात्राएं निपुण होकर स्वरोजगार में स्थापित हो पाने के काबिल बन पाएगी। उन्होंने कहा कि इसके अलावा कम्प्यूटर के हॉबी कोर्सिज के लिए भी प्रवेश प्रक्रिया जारी है तथा अप्रैल माह में नया बैच शुरु किया जाएगा। नरेश सैनी ने बताया कि संस्थान में कटिंग, टेलरिंग ड्रैस मेकिंग कोर्स के तहत कौशल विकास भत्ता योजना के अंतर्गत भी कुछ सीटें रिक्त है। जिसके लिए प्रवेश लिया जा सकता है। इसमें पात्र छात्राओं को एक हजार रुपए प्रतिमाह कौशल विकास भता दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि रोटरी गली ऊना में वर्ष 1985 से महिलाओं के लिए यह संस्थान चल रहा है। जिसमें कटिंग, टेलरिंग, डै्रस मेकिंग, फैशन डिजाईनिंग, कम्प्यूटर के हॉबी कोर्सिज में बच्चों को व्यावसायिक व तकनीकी शिक्षा प्रदान की जा रही है। अभी तक करीब चार हजार छात्राएं यहां से प्रशिक्षण प्राप्त कर स्वरोजगार में स्थापित होकर आर्थिक तौर पर आत्मनिर्भर बन अपने परिवारों के लिए सहायक बन पाई है। उन्होंने कहा कि संस्थान में पहले आओ पहले पाओ के आधार पर प्रवेश दिया जा रहा है। इच्छुक छात्राएं किसी भी कार्य दिवस पर सुबह 10 से दोपहर दो बजे तक रोटरी गली कार्यालय में प्रवेश संबंधी जानकारी हासिल कर सकती है।