अचानक दूसरे पुरुष के साथ वरमाला में नजर आई
ऊना/ सुशील पंडित : गगरेट के घनारी गांव के एक शख्स ने अपनी पत्नी पर आरोप लगाया है कि उसने गुपचुप तरीके से दूसरे व्यक्ति से शादी कर ली है। पति ने गगरेट थाने में दी शिकायत में लिखा है कि 20 साल पहले उसकी शादी हुई थी। पति पत्नी में कोई झगड़ा या मनमुटाव भी नहीं था मगर अचानक एक दिन उसकी पत्नी गायब हो जाती है और सोशल मीडिया पर उसकी दूसरी शादी की तस्वीरें वायरल हो जाती हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गगरेट के घनारी निवासी व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में लिखा है कि एक दिन सुबह उसकी पत्नी ने कहा कि वह ऊना किसी काम से जा रही है। उसके बाद वह सीधे बंगाणा अपने माइके चली जाएगी। मगर दूसरे दिन सुबह पत्नी का कॉल आया कि वह अब कभी घर नहीं लौटेगी। उसने दूसरी शादी कर ली है। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया है कि उसकी पत्नी से उसे दो बच्चे भी हैं। बेटी 12वीं और बेटा 9वीं में पढ़ता है। दोनों की परीक्षाएं भी चल रही हैं। पति का कहना है कि उसकी पत्नी किसी पुरुष के बहकावे में आकर घर छोड़ चली गई है। पति और पुलिस अपने अपने स्तर पर महिला की तालाश कर रहे हैं। फिलहाल उनका कोई पता नहीं चल पाया है। सबूत के नाम पर महिला की दूसरे पुरुष के साथ वरमाला पहने कुछ तस्वीरों के अलावा कोई अन्य सुराग पति के पास नहीं है। महिला के मिलने के बाद ही पुलिस अगली कार्रवाई करेगी।