विधायक ने कहा पंचायतों के कितने पैसे लैप्स हो गए 31 मार्च तक बताया जाए
ऊना/सुशील पंडित : कुटलैहड़ के विधायक दविंदर भुट्टो लगातार फील्ड में बने हुए हैं। चुनाव जीतने के बाद से अधिकारियों से उनकी बैठकों का दौर भी जारी है। शनिवार को उन्होंने उपमंडल बंगाणा के सभी विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक में कई दिशा निर्देश जारी किए और कई रिपोर्ट तलब कीं। बैठक का मुख्य उद्देश्य भविष्य में कुटलैहड़ के विकास की रूप रेखा तैयार करना था। उन्होंने क्षेत्र में पंचायत स्तर पर चल रहे विकास कार्यो की स्टेटस रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने कहा कि इन कार्यों को पूरा करने में धन की कोई कमी नहीं आएगी। बशर्ते अधिकारी पूरी निष्ठा के साथ काम करें। अधिकारियों को आश्वासन देते हुए भुट्टों ने कहा है कि वह किसी भी प्रकार की अदला बदली से न डरें क्योंकि पिछली सरकार में ज्यादातर अधूरे कार्यों का उद्घाटन भी हो चुका है। ऐसे में उन्हें अगले एक साल में पूरा करना हमारी प्रार्थमिक सूचि में सम्मलित है।
कोई भी अधिकारी अथवा कर्मचारी कुटलैहड़ की जनता को परेशान न करें। जो भी व्यक्ति अपना निजी काम लेकर सरकारी कार्यलय पहुंच रहा है उसे बिना विलंब के पूरा किया जाए। अगर अधिकारी परेशानी उतपन करता है तो सीधे विधायक से संपर्क किया जाए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग बंगाणा को आदेश दिए कि जिन गांवों में सड़क सुविधा नहीं है या जहां जमीनी विवाद के कारण कार्य रुका हुआ है। उन मामलों को सुलझाकर काम शुरू किया जाए। जल शक्ति विभाग को आदेश दिए गए हैं कि गर्मियों के मौसम शुरू होने वाला है। अधिकारी फील्ड में जाकर जनता की समस्याओं को सुनें।
गर्मियों में कुटलैहड़ विस क्षेत्र में किसी परिवार से पानी की समस्या की सूचना उनके पास नहीं पहुंचनी चाहिए। उन्होंने ने अधिकारियों को आदेश दिए कि उन्हें पंचायतों की विस्तृत रिपोर्ट 31 मार्च से पहले उपलब्ध करवाई जाए। कितना पैसा खर्च हुआ और कितना लैप्स होने जा रहा है। जिन पंचायतों ने पैसा खर्च नहीं किया है उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किए जाएं। इस अवसर पर एसडीएम बंगाणा योगराज धीमान, खण्ड विकास अधिकारी सुरेंद्र जेटली, थाना प्रभारी बाबू राम, लोकनिवि के एक्सईएन देवराज, कृषि विभाग के अधिकारी सतपाल धीमान व अन्य विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।