ऊना/ सुशील पंडित : उपमंडल बंगाणा के अंतर्गत आती एक पंचायत में बुधवार के दिन शादी के अवसर पर दहेज की मांग करने पर दूल्हे सहित 6 लोगों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। लड़की के भाई ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि बुधवार को शादी के दिन लड़के वालों की ओर से उन्हें गाड़ी, धनराशि व आभूषण दहेज स्वरूप दिए जाने की मांग की गई। लड़की के परिजनों ने आरोप लगाते हुए कहा कि उपरोक्त समान दहेज स्वरूप नहीं देने की स्थिति में वह शादी नहीं कर सकते।
बंगाणा पुलिस ने इस मामले में दूल्हे अतुल शर्मा व परिवार के पांच अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच आरंभ कर दी है। ज्ञात रहे कि हमीरपुर के गलोड़ क्षेत्र से अतुल शर्मा की शादी बंगाणा की एक पंचायत की लड़की से 1 वर्ष पहले तय हुई थी। बुधवार के दिन दोनों पक्षों की सहमति से विवाह का आयोजन किया जा रहा था। जव लड़की पक्ष बारात आने का इंतजार कर रहा था कि कुछ घंटे पहले लड़के के परिजनों की ओर से फोन द्वारा लड़की पक्ष को सूचित किया गया कि यह शादी तभी संभव हो सकती है जब दहेज के रूप में गाड़ी, धनराशि व आभूषणों की मांग को लड़की के परिजन पूरा कर सकें।
इस बात का पता जब लड़की को चला तो लड़की ने शादी के लिए मना कर दिया। वीरवार के दिन दोनों पक्षों के बीच शादी के लिए सहमति बनाने के प्रयास किए जाते रहे लेकिन नाकाम साबित हुए। लड़की के परिजनों ने इस संबंध में बाद दोपहर थाना बंगाणा में गलोड़ निवासी अतुल शर्मा व परिवार के पांच अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करवा दिया है। वहीं जब इस संबंध में वर पक्ष से उनका पक्ष जानने के लिए बात करनी चाही तो उनसे संपर्क नहीं हो सका।