निशुल्क दवाइयां,चश्मे और विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाओं से लाभान्वित हुए सैकड़ों मरीज
ऊना/ सुशील पंडित: सर्व कल्याणकारी ट्रस्ट द्वारा पीजीआई ईएमआर एवं 32 मेडिकल कॉलेज, चंडीगढ़ के सहयोग से आयोजित बंगाणा के विशाल नि:शुल्क चिकित्सा शिविर में 988 लोगों ने अपनी स्वास्थ्य जांच करवाई। यह शिविर क्षेत्र के लोगों के लिए किसी वरदान से कम नहीं रहा, जहां सुबह सात बजे से ही मरीजों और बुजुर्गों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। दूर-दराज के गांवों से आए लोगों ने समय से पहले पहुंचकर पंजीकरण करवाया और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर में हड्डी रोग, चर्म रोग और नेत्र रोग विशेषज्ञों द्वारा मरीजों की जांच की गई। मरीजों को जांच के बाद मौके पर ही नि:शुल्क दवाइयां उपलब्ध करवाई गईं। इस के साथ ही जरूरतमंद मरीजों को निशुल्क चश्मे भी वितरित किए गए, जिससे खासकर बुजुर्गों को काफी राहत मिली। कई बुजुर्गों ने बताया कि उन्हें लंबे समय से आंखों की समस्या थी, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण वे जांच नहीं करवा पा रहे थे। इस शिविर के माध्यम से उन्हें बेहतर उपचार और परामर्श मिला।
निशुल्क कैंप में बीमार मरीजों को पिलाया गया जूस, पहाड़ी धाम का विशेष आयोजन, बंगाणा मे लगे निशुल्क स्वास्थ्य शिविर में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों के लिए विशेष रूप से पहाड़ी धाम का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में लोगों ने धाम का प्रसाद ग्रहण किया, आयोजकों के सेवा भाव की सराहना की,बीमार और बुजुर्ग मरीजों के लिए विशेष रूप से जूस की व्यवस्था की गई, ताकि उन्हें थकान से राहत मिल सके और स्वास्थ्य सेवाएं लेने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। पूरे आयोजन के दौरान सेवा भाव का अद्भुत उदाहरण देखने को मिला। स्वयंसेवकों ने पूरे दिन मरीजों की सहायता की और उन्हें विभिन्न काउंटरों तक पहुंचाने में मदद की। शिविर स्थल अनुशासन और व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा गया, जिससे मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा। स्वास्थ्य शिविर में आने वाले लोगों ने कहा कि इतनी बेहतर व्यवस्था उन्होंने पहले कभी नहीं देखी।
भाजपा मंडल व विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारियों ने निभाई अहम भूमिका, इस निशुल्क विशाल चिकित्सा शिविर के सफल आयोजन में कुटलैहड़ भाजपा मंडल के साथ-साथ सभी मोर्चों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सभी कार्यकर्ताओं ने पूरे दिन सेवा भाव से मरीजों की सहायता की और व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित किया। शिविर में मौजूद स्वास्थ्य स्टाफ ने भी मधुर व्यवहार के साथ मरीजों का इलाज किया। विशेष रूप से बुजुर्गों के साथ सम्मानपूर्वक व्यवहार किया गया, जिससे वे काफी संतुष्ट नजर आए। कई बुजुर्गों ने कहा कि बड़े-बड़े अस्पतालों में भी इतनी आत्मीयता और धैर्य के साथ सेवाएं नहीं मिलतीं, जितनी यहां मिली हैं। स्वास्थ्य कर्मियों ने प्रत्येक मरीज की समस्या को ध्यानपूर्वक सुना और उन्हें उचित सलाह प्रदान की।
बंगाणा मे लगे निशुल्क स्वास्थ्य शिविर के आयोजक कुटलैहड़ के वरिष्ठ समाजसेवी दविंदर भुट्टो की लोगों ने जमकर सराहना की। बुजुर्गों और अन्य मरीजों ने कहा कि लाखों रुपये खर्च करने के बाद भी उन्हें इतनी अच्छी स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिल पातीं, जितनी इस नि:शुल्क शिविर में मिली हैं। उन्होंने कहा कि भुट्टो जैसे समाजसेवी ही समाज की सच्ची सेवा कर रहे हैं। कई बुजुर्गों ने भावुक होकर कहा कि इस शिविर के माध्यम से उनकी वर्षों पुरानी स्वास्थ्य समस्याओं की जांच संभव हो सकी। उन्होंने भुट्टो को आशीर्वाद देते हुए कहा कि वे हमेशा खुश और स्वस्थ रहें तथा इसी प्रकार समाज सेवा के कार्य करते रहें। लोगों ने कहा कि ऐसे शिविरों का आयोजन समय-समय पर होता रहना चाहिए,ताकि जरूरत मंद लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं आसानी से मिल सकें। यह शिविर न केवल स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का माध्यम बना, बल्कि समाज में सेवा और सहयोग की भावना को भी मजबूत करने का कार्य करता हुआ नजर आए।