ऊना/सुशील पंडित : स्थानीय पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर गांव भैरा में मिठाई और चाय की दुकान से 72 बोतल देसी शराब बरामद की हैं। आरोपित दुकानदार की पहचान भैरा निवासी जयचंद के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामद शराब को जब्त करने के बाद आरोपित के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अम्व पुलिस की एक टीम मंगलवार सुबह करीब 10 बजे भैरा की तरफ रूटीन गश्त पर थी। इसी दौरान उन्हें गुप्त सूचना मिली कि आरोपित दुकानदार जयचंद चाय और मिठाई दुकान की आड़ में अवैध रूप से शराब बचने का धंधा करता है। अगर आरोपित की दुकान पर दबिश दी जाए तो भारी मात्रा में शराब बरामद हो सकती है। सूचना पुख्ता होने के चलते जब पुलिस टीम ने आरोपित की दुकान में छापेमारी की तो उन्हें तलाशी के दौरान चार पेटियां यानी 72 बोतल अवैध देसी शराब की बरामद हुई। पुलिस पूछताछ में आरोपित दुकान से बरामद शराब के संबंध में कोई भी परमिट या वैध दस्तावेज पेश नहीं कर पाया। थाना प्रभारी अम्ब आशीष पठानिया ने बताया कि पुलिस ने दुकान से बरामद शराब को जब्त करके आरोपित के खिलाफ केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।