हनुमानगढ़ः नहर में बोलेरो कार गिरने से 6 लोगों के बहने का मामला सामने आया है। बोलेरो में सवार 3 लोगों को बचा लिया गया, जबकि एक महिला को इलाज के दौरान डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। 2 लोग अभी भी लापता हैं, जिनकी तलाश जारी है।
जानकारी मुताबिक, बहनोई के परिवार के 6 सदस्य बोलेरो में सवार होकर सालासर बालाजी दर्शन करने के लिए रवाना हुए थे। गाड़ी में रमनदीप कौर (22) पुत्री गुरदर्शन सिंह निवासी वार्ड 53 सुरेशिया, जसप्रीत (18) पुत्र गुरदर्शन सिंह निवासी वार्ड 53 सुरेशिया, कमलजीत कौर (48) पत्नी गुरदर्शन सिंह निवासी वार्ड 53 सुरेशिया, लखवीर सिंह (30) पुत्र महेंद्र सिंह और मनप्रीत पुत्र महेंद्र सिंह निवासी जंक्शन और गुरदर्शन सिंह पुत्र चंदसिंह निवासी वार्ड 53 सुरेशिया सवार थे। जिनमें से कमलजीत कौर पत्नी गुरदर्शन सिंह की मौत हो गई। वहीं दो पानी के बहाव में गाड़ी के साथ ही बह गए।
सीओ सिटी मीनाक्षी ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही लखुवाली पुलिस चौकी का स्टाफ मौके पर पहुंचा। पुलिसकर्मियों ने रेस्क्यू शुरू किया। स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों की मदद से रस्सी के सहारे पानी में फंसे 4 लोगों को बाहर निकाला गया। दो लोग अभी भी बोलेरो में फंसे हैं, जिन्हें निकालने के प्रयास तेजी से जारी हैं।
सीओ सिटी ने बताया कि लखुवाली और शेरगढ़ चौकी की पुलिस टीम मौके पर तैनात हैं और हालात पर नजर रखे हुए हैं। हादसे के कारणों की पुष्टि अभी नहीं हो पाई है। वाहन ड्राइवर का संतुलन बिगड़ने से हादसे की आशंका है।