अररिया: बिहार के अररिया जिले में बुधवार देर रात हुई एएसआई की हत्या मामले में 6 लोगों की गिरफ्तारी हुई है। अररिया पुलिस ने गुरुवार को बताया कि एएसआई की मौत मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में ललित कुमार यादव, प्रभु कुमार यादव, प्रमोद कुमार यादव, शंभू यादव, कुंदन यादव और ललन कुमार यादव शामिल हैं।
बीती रात को पकड़े गए एक अपराधी को स्थानीय ग्रामीणों की ओर से पुलिस दल की गिरफ्त से छुड़ाने की कोशिश के दौरान हुई धक्का-मुक्की में एएसआई बेहोश हो गए जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अररिया के पुलिस अधीक्षक (SP) अंजनी कुमार ने गुरुवार को बताया कि एएसआई का नाम राजीव रंजन है।
उन्होंने बताया कि फूलकाहा थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर गांव में देर रात एक पुलिस दल द्वारा पकड़े गए अपराधी अनमोल यादव को छुड़ाने के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने धक्का-मुक्की की। उन्होंने बताया कि इस घटना में एएसआई राजीव रंजन गिरकर बेहोश हो गए और उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। एसपी ने बताया कि इस मामले में दोषी लोगों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दल द्वारा उक्त गांव में लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि एएसआई के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल अररिया ले जाया गया है।
