ऊना/सुशील पंडित : हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना के उपमंडल हरोली का मुख्य द्वार कहे जाने वाले घालुवाल स्थित रुद्रानंद चौक पर शौर्य का प्रतीक 45 टन का टैंक स्थापित किया गया है। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के प्रयासों के चलते क्षेत्र के शूरवीरों को जिन्होंने देश पर हंसते हंसते अपने प्राणों की आहुती दी को सन्मानित करते प्रतीक आर्मी टैंक को मंगलवार को स्थापित किया गया। हरोली क्षेत्र के लगभग सभी गांव के लोग सेना में अपनी सेवाएं देते है हरोली को शूरवीरों की धरती भी कहा जाता है क्योंकि यहां का हर युवा सेना में जाने के लिए उत्सुक रहता है।
हरोली के गांव पँजावर, सलोह, बाथड़ी, भदसाली, सिंगा, गोंदपुर, पंडोगा सहित लगभग हर गांव के लोगों ने बड़ी संख्या में सेना में अपनी सेवाएं देते हुए पहले विश्व युद्ध, दूसरे विश्व युद्ध 1962 की जंग, चीन 1965 की जंग, पाकिस्तान 1971 की जंग, पाकिस्तान 1990 कारगिल युद्ध मे शौर्य का प्रदर्शन करते हुए जंग लड़ी व अपने प्राणों की आहुति दी गांव भदसाली में पहले विश्व युद्ध मे शहीद हुए सैनिकों के सम्मान के लिए गांव में तोप रखी गई है ताकि लोग उनके शौर्य से प्रेरणा ले सके। हरोली के सेंकडो जवानों ने अपनी जान की परवाह किए बिना देश सेवा में अपना अतुलनीय योगदान दिया है।
लोगों की देश के सपूतों को सम्मानित करने के प्रतीक की मांग लंबे समय से की जा रही थी। उद्योग मंत्री रहते मुकेश अग्निहोत्री ने पहले भी सेना से तोप की मांग पत्र द्वारा की थी जिसे सेना द्वारा ठुकरा दिया गया था । लेकिन इस बार सेना ने उनके अनुरोध को मान लिया तथा टैंक देने की अनुमति दी। दिल्ली से टैंक को भेजा गया जो अब स्थापित कर दिया गया है। यह टैंक एक तो देश पर कुर्बान हुए सैनिकों को सम्मान का प्रतीक साबित हो रहा है वहीं क्षेत्र के युवाओं को सेना में जाने के लिए प्रेरणा भी दे रहा है। टैंक के स्थापित होने से क्षेत्र के सैनिकों सहित हर नागरिक में खुशी की लहर दौड़ रही है। स्थानीय युवा व राहगीर व पर्यटक भी इस टैंक पर चढ़कर अपनी तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे है।
