नवी मुंबईः महाराष्ट्र के नवी मुंबई स्थित एक बहुमंजिला आवासीय इमारत में सोमवार मध्यरात्रि के बाद आग लग जाने से चार लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए। मृतकों की पहचान 6 वर्षीय वेदिका सुंदर बालकृष्णन के अलावा कमला हीरल जैन (84 साल), सुंदर बालकृष्णन (44 साल) और पूजा राजन (39) के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार वाशी सेक्टर-14 स्थित रहेजा रेजिडेंसी हाउसिंग सोसाइटी में यह हादसा रात करीब 1 बजे हुआ, जब इमारत में सभी लोग दिवाली मनाने के बाद सो रहे थे। यह आग 10वीं मंजिल से शुरू हुई, जिसने देखते ही देखते 11वीं और 12वीं मंजिल को भी अपनी चपेट में लिया। फायर ब्रिगेड की करीब 10 गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गईं। राहत और बचाव कार्य के दौरान कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। धुएं और लपटों ने देखते ही देखते पूरी बिल्डिंग को घेर लिया। इस दौरान कुछ को धुएं की वजह से सांस लेने में तकलीफ हुई, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलने के बाद दमकल की आठ गाड़ियां और पुलिस के साथ 40 दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और मंगलवार सुबह चार बजे तक आग पर काबू पा लिया गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, आग लगने के बाद बिल्डिंग के अंदर अफरा-तफरी मच गई, कई लोग बालकनी में फंसे रह गए थे, जिन्हें बाद में फायरमैन ने सीढ़ियों और हाइड्रोलिक लिफ्ट की मदद से नीचे उतारा गया। अधिकारी ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।