Punjab Govt
HomeGovernment Newsसूरजकुंड में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में उत्तरी क्षेत्रीय...

सूरजकुंड में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में उत्तरी क्षेत्रीय परिषद की 32वीं बैठक आयोजित

WhatsApp Group Join Now
WhatsApp Channel Join Now

चंडीगढ़: केंद्रीय गृह मंत्री व उत्तरी क्षेत्रीय परिषद् चेयरमैन अमित शाह की अध्यक्षता में सोमवार को फरीदाबाद के सूरजकुंड में उत्तरी क्षेत्रीय परिषद् की 32वीं बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में हरियाणा के मुख्यमंत्री व उत्तरी क्षेत्रीय परिषद के वाइस- चेयरमैन नायब सिंह सैनी, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा, दिल्ली के उप राज्यपाल विनय कुमार सक्सेना, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, जम्मू एवं कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा, जम्मू एवं कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुला, लदृाख के उप राज्यपाल कविंदर गुप्ता, चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया, हरियाणा के राजस्व मंत्री विपुल गोयल, सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा सहित संबंधित राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के उच्चाधिकारियों ने हिस्सा लिया।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बैठक में आगमन पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित संबंधित राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के उप राज्यपाल और मुख्यमंत्रियों का शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया।

बैठक में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि देश की प्रगति के लिए राज्यों के बीच सतत सहयोग के माहौल का होना अति महत्वपूर्ण है। अपने संसाधनों को एकत्रित करके, अपने ज्ञान को सांझा करके और एक दूसरे की सर्वोत्तम पद्धतियों को अपनाकर ही हम एक भारत श्रेष्ठ भारत की परिकल्पना को साकार कर सकते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत @2047 के दृढ़ संकल्प को साकार करने की दिशा में हरियाणा ने कई सफल प्रयास किये हैं।

पंजाब से आग्रह, जल विवाद पर गुरुओं की महान परंपराओं का रखा जाए ध्यान

नायब सिंह सैनी ने बैठक के महत्वपूर्ण एजेंडा मदों पर चर्चा के दौरान कहा कि सभी राज्यों के पानी के हिस्से को संबंधित राज्य तक पहुंचाने की समुचित व्यवस्था होनी चाहिए। हरियाणा लगातार दिल्ली को उसके हिस्से से अधिक पानी अपने हिस्से से देता रहा है। जबकि, एस.वाई.एल. न बनने के कारण हरियाणा को पंजाब से अपने हिस्से का पूरा पानी नहीं मिल रहा है। अगर एस.वाई.एल. के रास्ते हरियाणा को अपने हिस्से का पूरा पानी मिलता है, तो राजस्थान को भी उसके हिस्से का पूरा पानी मिल सकेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब गुरुओं की धरती है। यह वह पावन धरा है, जहां भाई कन्हैया जी जैसे गुरु सेवक हुए, जिन्होंने युद्ध भूमि में घायल पड़े दुश्मनों के सैनिकों को भी पानी पिलाया। उन्होंने परिषद के माध्यम से पंजाब से आग्रह किया कि जल विवाद पर गुरुओं की महान परंपराओं का ध्यान अवश्य रखा जाए।

उन्होंने कहा कि पानी हम सबका सांझा है, तो इसको स्वच्छ बनाए रखना भी हम सबकी जिम्मेदारी है। हमारी संस्कृति में नदियों को माता कहा गया है। उन्होंने विशेष रूप से यमुना नदी का उल्लेख करते हुए हरियाणा की ओर से विश्वास दिलाया कि यमुना के पानी को स्वच्छ रखने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ से हरियाणा के कॉलेज संबद्ध होने से हरियाणा के विद्यार्थियों और विश्वविद्यालय दोनों को होगा लाभ

नायब सिंह सैनी ने पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ का जिक्र करते हुए कहा कि हरियाणा सरकार इसमें अपना योगदान करना चाहती है। यदि हरियाणा के कुछ कॉलेज इस विश्वविद्यालय से संबद्ध हो जाएंगे, तो हरियाणा के विद्यार्थियों और विश्वविद्यालय दोनों को लाभ होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा करना हम सबकी जिम्मेदारी है। तीन नए आपराधिक कानून हरियाणा में लागू हो जाने से पॉक्सो अधिनियम के तहत मामलों का तेजी से निपटान कर पाने में सफल हो रहे हैं।

हरियाणा सरकार ने हर नागरिक को स्वास्थ्य सेवा की सुनिश्चित

नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार ने हर नागरिक को स्वास्थ्य सेवा सुनिश्चित करने के लिए आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना को और आगे बढ़ाते हुए राज्य सरकार ने अपनी चिरायु योजना इसके साथ जोड़ी है। यह ‘डबल इंजन’ सरकार द्वारा दोगुणी गति से विकास का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के प्रत्येक छोटे से छोटे गांव में भी अब बैंकिंग सुविधा उपलब्ध है।

हरियाणा सरकार ने एक साल में ही 47 संकल्पों को किया पूरा

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने गत विधानसभा चुनावों के दौरान जारी किए गए संकल्प-पत्र के 217 में से 47 वादों को पहले वर्ष में ही पूरा कर दिखाया है। उन्होंने केवल एक संकल्प का उल्लेख करते हुए बताया कि गत 25 सितंबर को ‘दीन दयाल लाडो लक्ष्मी’ ऐप का शुभारंभ पंडित दीन दयाल उपाध्याय जी के 109वें जन्म दिवस के अवसर पर किया गया। गत 1 नवम्बर हरियाणा दिवस पर सरकार ने ‘दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना’ के तहत पात्र 5 लाख 22 हजार 162 महिला लाभार्थियों को 2100-2100 रुपये की राशि बैंक खातों में जारी की। अब तक 8 लाख 5 हजार आवेदन हो चुके हैं और शीघ्र ही यह संख्या 15 लाख हो जाएगी।

उत्तरी क्षेत्रीय परिषद् की बैठक ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ का बनेगी उदाहरण

नायब सिंह सैनी ने कहा कि इस बैठक के एजेंडे की हर मद पर राज्य की विस्तृत टिप्पणियां परिषद् को प्रस्तुत की गई हैं। उन्होंने आशा व्यक्त करते हुए कहा कि इस बैठक के विचार-मंथन से राज्य व केंद्र शासित प्रदेश सहकारी संघवाद को बढ़ावा देने, अंतर्राज्यीय व केन्द्र राज्यों के बीच कई मुद्दों को सुलझाने में सहमति बनाने में सफल होंगे और उत्तरी क्षेत्रीय परिषद् की यह बैठक ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ का उदाहरण बनेगी ।

 

Disclaimer

All news on Encounter India are computer generated and provided by third party sources, so read and verify carefully. Encounter India will not be responsible for any issues.

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -
Punjab Govt

Latest News

- Advertisement -
- Advertisement -