छपराः बिहार के छपरा से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां जमीनी विवाद को लेकर एक युवक ने अपने सगे तीन भाइयों की चाकू घोंप कर हत्या कर दी। घटना एकमा थाना क्षेत्र के गंगवा पचुआ गांव की है। घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्यारे भाई को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, स्वर्गीय हीरा महतो के चार बेटों में जमीन बंटवारे को लेकर आपसी विवाद हुआ था, जिसमें जम कर चाकूबाजी हुई। इस घटना में तीन भाइयों की मौत चाकू लगने से हो गई। झगड़े में बीच-बचाव करने आई एक महिला को भी चाकू मार दी गई है। एक ही परिवार के तीन सगे भाइयों की मौत हो जाने से माहौल गमगीन बना हुआ है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
आरोपी लालू महतो ने बताया कि उसके बेटे को उसके तीनों भाई मिल कर पीट रहे थे। यह देख उसने बचाव में हमला किया जिसमें तीनों की चाकू लगने से मौत हो गई. पुलिस फिलहाल इस मामले में कुछ भी कहने से बच रही है।
