अमृतसरः पंजाब में क्राइम की वारदातों के खिलाफ पुलिस द्वारा लगातार सख्ती से कार्रवाई की जा रही है। वहीं पंजाब पुलिस के स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल मोहाली ने पाकिस्तानी ISI समर्थित बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) के आतंकी नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 3 सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
मामले की जानकारी डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि यह मॉड्यूल यूके में बैठे निशान सिंह और पाकिस्तान में छिपे आतंकी हरविंदर रिंदा द्वारा चलाया जा रहा था। इस मामले में पुलिस ने एक किशोर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 2 हैंड ग्रेनेड, 1 ग्लॉक पिस्तौल, और अन्य विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सहजपाल सिंह और विक्रमजीत सिंह के रूप में हुई है। दोनों अमृतसर ग्रामीण के रामदास के निवासी हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी अमृतसर में पुलिस ठिकानों पर हमला और टारगेट किलिंग की योजना बना रहे थे। इनकी गिरफ्तारी से एक बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम कर दिया गया है और कई लोगों की जान बच गई है, ऐसा पुलिस का दावा है।
पुलिस की तरफ से इस संबंधी स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल के मोहाली स्थित थाने में बीएनएस और विस्फोटक अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच चल रही है। जल्दी ही इस मामले में कई और खुलासे होंगे। पुलिस अधिकारियों का दावा है आतंकी संगठनों को खत्म करने के लिए पुलिस लगातार जुटी हुई है।