फिरोजपुरः क्राइम के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फिरोजपुर पुलिस ने एक बड़ा ऑपरेशन चलाया। पुलिस ने अलग-अलग जगहों पर रेड करके कुल 21 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इस ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने 29 मोटरसाइकिल, 2 एक्टिवा, 33 मोबाइल फोन, 1.5 लाख रुपए कैश, 4 LED, 2 सिलेंडर, 2 इन्वर्टर सेट और एक वॉशिंग मशीन के साथ दूसरा कीमती सामान बरामद किया गया है। इसके अलावा पुलिस ने करीब 60 ग्राम हेरोइन भी पकड़ी है।
जानकारी देते SSP फिरोजपुर भूपिंदर सिंह ने बताया कि पंजाब सरकार और DGP पंजाब की गाइडलाइन के तहत जिले में क्रिमिनल तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा दर्ज किए गए मामलों में चोरी, डकैती, ड्रग तस्करी और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं। अलग-अलग टीमों द्वारा किए गए ऑपरेशन के दौरान कई अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है और उनसे चोरी का सामान और नशीले पदार्थ बरामद किए गए हैं जिनमें 29 मोटरसाइकिल, 2 एक्टिवा, 33 मोबाइल फोन, 1.5 लाख रुपए कैश, 4 LED, 2 सिलेंडर, 2 इन्वर्टर सेट और एक वॉशिंग मशीन व अन्य चीजें शामिल हैं। इसमें एक मामले में 5 आरोपियों से 3 बाइक, 4 एलईडी और सिलेंडर बरामद किए। दूसरे मामले में 4 बाइकों के साथ 3 को काबू किया। अन्य मामले में लखविंदर और रंजीत को गिरफ्तार कर स्नेचिंग का सामान बरामद किया है।
वहीं सोरव और रवि से 2 सैट बालियां, सोना और 1.5 लाख नकदी बरामद की है। इसी के साथ विकास, सनम, मोहन और साजन से 16 मोटरसाइकिल बरामद हुए हैं और अन्य मामले में अमनदीप, अबदुल उर्फ अभी से एक बाइक और स्नैचिंग के फोन बरामद किए हैं। पुलिस ने कुल 7 केस दर्ज कर 21 लोगों को काबू किया है। फिरोजपुर पुलिस ने साफ कर दिया है कि अपराधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।