मोगा: पंजाब सरकार द्वारा चलाई गई मुहिम युद्ध नशा विरोध के अंतर्गत पुलिस ने दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। नशा तस्करों के पास से 470 ग्राम हेरोइन, एक कार, एक आईफोन और एक ओप्पो का फोन बरामद हुआ है। दोनों ही आरोपी जिला तरनतारन के रहने वाले हैं। मोगा पुलिस को खास मुखबिर से सूचना मिली थी।
इस सूचना के आधार पर उन्होंने नशा तस्कर को 470 ग्राम हेरोइन और दो मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया है। मामले की जानकारी देते हुए धर्मकोट के डीएसपी रमनदीप सिंह ने बताया कि मोगा पुलिस को शनिवार रात करीबन 11 बजे गश्त के दौरान विशेष सूचना मिली थी। इस सूचना के आधार पर बुगीपुरा चौक पर उन्होंने नाकाबंदी कर दी।
सूचना के अनुसार, दो युवक हेरोइन बेचने के आदी हैं। दोनों अपनी कार नंबर PB-65 AH 9704 में बुगीपुरा चौक की ओर आ रहे थे। पुलिस ने इस दौरान मौके पर कार रोक ली और तलाशी की। तलाशी के दौरान कार में 470 ग्राम हेरोइन, एक आईफोन और एक ओप्पो का फोन बरामद हुआ है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुखजीत सिंह उर्फ सुख और गुरमीत सिंह निवासी तरनतारन के तौर पर हुई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना मोहणा में एनडीपीएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है। दोनों को रविवार को अदालत में पेश करके तीन दिन का रिमांड लिया गया है। आरोपियों से पूछताछ करके पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े हुए बाकी लोगों का पता लगाने की कोशिश कर रही है ।
