विधायक विवेक शर्मा रहे मुख्य अतिथि, मेधावी छात्रों को मिला सम्मान
ऊना/सुशील पंडित: आर्य पब्लिक स्कूल बंगाणा में बुधवार को 19वां वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह बड़े हर्षौल्लास और गरिमामय माहौल में सम्पन्न हुआ। समारोह में स्थानीय विधायक विवेक शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की जबकि उपमंडल अधिकारी सोनू गोयल एवं तहसीलदार अमित शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना से हुआ, जिसके उपरांत विद्यालय के प्रधानाचार्य सीमा शर्मा ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।

उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक, खेलकूद और सह-शैक्षणिक गतिविधियों में विद्यार्थियों की उपलब्धियों का विस्तृत विवरण देते हुए बताया कि छात्रों ने अपनी मेहनत और प्रतिभा से विद्यालय का नाम रोशन किया है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों, लोक नृत्यों और लघु नाटिकाओं से सजे रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। दर्शकों ने तालियों की गूंज से बच्चों का उत्साह बढ़ाया। मुख्य अतिथि विधायक विवेक शर्मा ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि शिक्षा ही राष्ट्र के विकास की आधारशिला है। उन्होंने आर्य पब्लिक स्कूल द्वारा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह में मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा शैक्षणिक सत्र 2024-25 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया और साथ ही विधायक विवेक शर्मा ने बच्चों के जलपान के लिए 5100 रूपए देने की घोषणा की। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस सचिव देशराज मोदगिल, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राम आसरा, जिला परिषद् सदस्य सत्या देवी ,पूर्व सैनिक केवल कृष्ण, के सी शर्मा,कांग्रेस के अनेक वरिष्ठ कार्यकर्ता,विद्यालय के शिक्षक, स्थानीय उपप्रधान अजय कुमार अनेक विभागों से आए अधिकारी, कर्मचारियों सहित बच्चों के अभिभावकों सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।