धनबादः जिले के बाघमारा स्थित BCCL ब्लॉक-2 क्षेत्र के न्यू मधुबन वाशरी में देर रात करीब 1 बजे बड़ा हादसा हो गया। वाशरी में बने करीब 100 फीट ऊंचे साइलो प्लांट का नंबर-1 सेलो अचानक ढह गया। हादसे के समय अधिकांश कर्मचारी ड्यूटी पर नहीं थे, जिससे बड़ा जानमाल का नुकसान टल गया। हालांकि एक कर्मचारी मलबे में फंस गया। जिसे बाद में निकाल लिया गया।
स्थानीय गोपाल महतो के अनुसार राधा इंजीनियरिंग कंपनी का कर्मचारी धर्मेंद्र कुमार साइलो प्लांट के अंदर फंस गया था। बीसीसीएल वाशरी डिवीजन के महाप्रबंधक सोहेल इकबाल ने पुष्टि की कि करीब 100 फीट ऊंचा साइलो प्लांट गिरा है। घटना की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। हालांकि उन्होंने दावा किया कि मलबे में कोई भी कर्मी फंसा नहीं है और जांच जारी है। इस बयान के बाद स्थानीय लोगों और नेताओं ने प्रबंधन के दावों पर सवाल उठाए हैं।
गौरतलब है कि यह वाशरी चेन्नई की राधा इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड के जिम्मे है, जो इसका संचालन और रखरखाव करती है। विधायक शत्रुघ्न महतो ने 5 साल पहले बनी इस वाशरी में घटिया निर्माण सामग्री के उपयोग का आरोप लगाया। उन्होंने हादसे के लिए ठेकेदार कंपनी की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया और सख्त कार्रवाई की मांग की। विधायक ने कहा कि यह वाशरी डेढ़ साल से ही संचालित हो रही थी।