बागपतः नवरात्र के पावन अवसर पर कुट्टू के आटे का सेवन मुसीबत का सबब बन रहा है। दरअसल, जिले के एडीएम न्यायिक शिब नारायण और उनके कुक सतीश सहित 10 लोगों की हालत कुट्टू का आटा खाने की पकौड़ी खाने के बाद बिगड़ गई। मिली जानकारी के अनुसार एडीएम शिवनारायण और उनके रसोइया को उल्टियां और चक्कर आने लगे। दोनों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उधर, एडीएम के बीमार होने की सूचना के बाद खाद्य विभाग एक्टिव हो गया। शहर में कुट्टू का आटा बेचने वाली दुकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी और जांच शुरू कर दी। अधिकारियों ने सैंपल लिए और जांच के लिए भेजे।
जिला अस्पताल प्रशासन के अनुसार, जिले के अलग-अलग हिस्सों में भी कुट्टू की पकौड़ी खाने से 10 लोगों की तबीयत बिगड़ गई। कुट्टू के आटे की कचौरी खाने से एक ही परिवार के रेलवे कर्मचारी समेत 6 लोग सहित अन्य लोग बीमार हो गए। सभी को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एडीएम न्यायिक शिब नारायण और उनके कुक सतीश ने रात में गोरीपुर गांव से पिसा हुआ कुट्टू का आटा मंगवाया था। इसी आटे से बना भोजन करने के बाद दोनों की तबीयत बिगड़ने लगी।
पेट में तेज दर्द, उल्टी और अन्य गंभीर लक्षण दिखने लगे, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों की टीम ने तत्काल उपचार शुरू कर दिया है और उनकी हालत पर लगातार नजर बनाए हुए है। जिला प्रशासन ने घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच के आदेश दिए हैं। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे जल्द से जल्द पूरे मामले की तह तक जाएं और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें। खाद्य सुरक्षा विभाग को भी इस संबंध में सतर्क कर दिया गया है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि व्रत में इस्तेमाल होने वाले आटे की शुद्धता और एक्सपायरी डेट जरूर चेक करें।
