नई दिल्ली – उत्तर प्रदेश के मेरठ में जाकिर कॉलोनी में 3 मंजिला मकान गिरने से एक ही परिवार के 10 लोगों की मौत हो गई है। मृतकों की पहचान साजिद (40), पुत्री सानिया (15), पुत्र साकिब (11), सिमरा (डेढ़ वर्ष), रीजा (सात), नफ्फो (63), फरहाना (20), अलीशा (18) और आलिया (छह) के रूप में हुई है। इस हादसे में पांच लोग घायल हुए है। घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। संकरी गली होने से बुलडोजर नहीं पहुंच सका और रुक-रुक बारिश होती रही। इस वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन में दिक्कतें हुईं। मेरठ जिला प्रशासन की ओर से जारी एक बयान के अनुसार जाकिर कॉलोनी में तीन मंजिला मकान गिरने से 10 लोगों की मौत हो गई, वहीं अभी दो लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है।
राज्य के राहत आयुक्त कार्यालय की ओर से सुबह जारी एक बयान में कहा गया था कि मकान के अचानक ढहने से मलबे में 15 लोग दब गए। अब तक कुल 13 लोगों को मलबे से निकाला जा चुका है जिनमें से 10 की मौत हो गई, पांच घायलों को लाला लाजपत राय मेमोरियल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। शेष को मलबे से निकालने का प्रयास जारी है।
