चंडीगढ़ः बेटी को स्कूल छोड़ने जा रहे भाजपा नेता का गाड़ी पर हमला होने की घटना सामने आई है। घटना मनीमाजरा की है। जहां नकाबपोश बदमाशों ने भाजपा नेता की गाड़ी पर हमला कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार इंदिरा कॉलोनी मनीमाजरा में आज सुबह भाजपा नेता शंशाक भट्ट बेटी को स्कूल छोड़ने के लिए गाड़ी में सवार होकर जा रहे थे।
इस दौरान बच्ची को स्कूल बस पर बिठाते वक्त हमलावारों ने भाजपा नेता की गाड़ी पर हमला दिया। बताया जा रहा है कि घटना को अंजाम 7 से 8 नकाबपोश बदमाशों ने दिया है। इस दौरान हमलावारों ने भाजपा नेता की कार के साथ-साथ स्कूल बस पर भी डंडे से हमला किया है। हमले में कार क्षतिग्रस्त हो गई है। घटना स्थल पर पुलिस ने हथियार बरामद कर लिए है।
हालांकि भाजपा नेता और बच्ची बाल-बाल बच गए। वहीं घटना की सूचना नेता द्वारा पुलिस को दे दी गई है। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और घटना स्थल पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे है। पुलिस का कहना है कि जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। भाजपा नेता भट्टी ने कहा कि अगर स्कूल बस वहां से चली गई होती तो हमलावर उन्हें मार डालते।
इस मामले में कोई जानी नुकसान तो नहीं हुआ, लेकिन शशांक भट्ट की गाड़ी के कई शीशे टूट गए और गाड़ी काफी क्षतिग्रस्त की गई है। हालांकि शशांक भट्ट ने कहा कि वह कॉलोनी में एंटी ड्रग कैंपेन चलाते रहते हैं। इस दौरान उन्होंने शक जताया है कि इसी संबंध को लेकर ही नकाबपोश हमलावारों ने उन पर हमला किया है। भट्टी ने कहा कि इस मामले को लेकर उन्होंने आईटी पार्क थाना पुलिस को लिखित शिकायत को दे दी है, जिसकी पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
