गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान बगीचा सिंह और भूपिंदर सिंह निवासी गांव बोगी वाला, गुरु हर सहाय; साजन निवासी गांव अराइयां वाला; तथा छिंदरपाल सिंह उर्फ रिंकू निवासी लखा सिंह वाला, फिरोजपुर के रूप में हुई है। हेरोइन की खेप बरामद करने के अलावा पुलिस टीम ने आरोपियों की हुंडई क्रेटा कार भी जब्त कर ली है, जिसका इस्तेमाल वे नशा तस्करी के लिए कर रहे थे।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि इस मॉड्यूल के विदेशी तस्करों और हैंडलरों से संबंध थे, जिन्होंने कथित तौर पर गिरफ्तार आरोपियों को भारतीय क्षेत्र के भीतर नशीले पदार्थों की खेप प्राप्त कर उसे आगे वितरित करने का काम सौंपा था। डीजीपी ने कहा कि इस मामले में आगे और पीछे के लिंक का पता लगाने के लिए आगे जांच की जा रही है ताकि सीमा पार से संचालित पूरे नशा तस्करी नेटवर्क का सफाया किया जा सके।
एआईजी सीआई फिरोजपुर गुरसेवक सिंह ने बताया कि पुलिस को संदिग्ध बगीचा सिंह, भूपिंदर सिंह, साजन और छिंदर पाल उर्फ रिंकू द्वारा कुछ दिन पहले सीमा पार से हेरोइन की खेप प्राप्त किए जाने संबंधी विश्वसनीय सूचना मिली थी। जानकारी में आगे पता चला कि अपने हैंडलरों के निर्देशों पर उक्त संदिग्ध यह खेप आगे किसी अन्य पक्ष को पहुंचाने जा रहे हैं। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने गुरु हर सहाय क्षेत्र में आरोपियों को घेर लिया और उनके कब्जे से 28.12 किलोग्राम हेरोइन तथा 9.5 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद कर ली।
